नशे के खिलाफ दंतेवाड़ा पुलिस की बड़ी कार्यवाही: घर से 8 किलो 400 ग्राम गांजा जप्त, आरोपी गिरफ्तार
![]() |
| थाना किरंदुल पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थ गांजा जप्त कर आरोपी शंकर घोष को गिरफ्तार किया गया। जप्त गांजे की अनुमानित कीमत ₹4,20,000 है। |
मुखबिर की सूचना पर की गई रेड कार्यवाही
पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा चंद्रमोहन सिंह (भापुसे) के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दंतेवाड़ा जितेन्द्र कुमार खूंटे के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी किरंदुल अविनाश ठाकुर के पर्यवेक्षण में जिले में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री एवं तस्करी के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में 06 अक्टूबर को थाना किरंदुल पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि शंकर घोष, निवासी वार्ड क्रमांक 04, बंगाली कैम्प, राधाकृष्ण मंदिर के पास, किरंदुल द्वारा अपने घर में बिक्री के लिए अवैध रूप से गांजा रखा गया है।
प्लास्टिक बोरी से बरामद हुआ गांजा
प्राप्त सूचना की तस्दीक एवं कार्रवाई के लिउ थाना प्रभारी संजय यादव के निर्देशन में उप निरीक्षक हेम शंकर गुनेन्द्र के नेतृत्व में पुलिस टीम रवाना की गई। पुलिस टीम द्वारा विधिवत रेड कार्रवाई करते हुए संदेह के आधार पर शंकर घोष के घर की तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान एक प्लास्टिक बोरी में अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। मौके पर विधिवत तौल किए जाने पर गांजा का कुल वजन 08 किलो 400 ग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत ₹4,20,000/- है।
आरोपी गिरफ्तार, NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई
मादक पदार्थ गांजा को विधिवत जप्त कर आरोपी शंकर घोष पिता नंद लाल घोष, उम्र 42 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 04, बंगाली कैम्प, राधाकृष्ण मंदिर के पास, किरंदुल को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई उपरांत दिनांक 06 अक्टूबर 2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
आगे भी जारी रहेगी सख्त कार्रवाई
दंतेवाड़ा पुलिस द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध लगातार निगरानी रखते हुए प्रभावी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्यवाही जारी रहेगी।
