शिक्षकों की समस्याओं पर बड़ी पहल: शिक्षा सचिव से मिला कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन, कंप्यूटरीकृत विभागीय टेट परीक्षा का होगा आयोजन
![]() |
| प्रदेश संयोजक कमल वर्मा के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन का प्रतिनिधिमंडल शिक्षा सचिव से मिला और शिक्षकों की समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की। |
कंप्यूटरीकृत विभागीय टेट परीक्षा हर महीने होगी
कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के पदाधिकारीगण चंद्रशेखर तिवारी, राजेश चटर्जी, पंकज पांडेय, मनीष मिश्रा, केदार जैन, रविंद्र राठौर, जाकेश साहू, संतोष वर्मा, अमित दुबे, देवेंद्र हरमुख एवं प्रदीप साहू ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए बताया कि टेट की अनिवार्यता संबंधी समस्या का समाधान निकाला गया है। इसके तहत टीईटी परीक्षा के आयोजन हेतु शीघ्र ही सरकारी नोटिफिकेशन जारी होगा, जिसमें एक सरकारी संस्थान के माध्यम से परीक्षा आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा कंप्यूटरीकृत होगी तथा हर महीने आयोजित होगी, जिसमें परीक्षार्थी सम्मिलित होते जाएंगे। इस प्रकार सरकार द्वारा एक ऐसी व्यवस्था की जाएगी, जिसमें शत-प्रतिशत शिक्षक विभागीय तौर पर टीईटी परीक्षा उत्तीर्ण कर सकेंगे।
पेंशन प्रकरणों का होगा निराकरण
दूसरी समस्या पेंशन प्रकरणों की है, जिसमें नियमित एवं अन्य शिक्षक जो पेंशन की पात्रता रखते हैं, उनके पेंशन संबंधी जितनी भी दस्तावेजी समस्या रहती हैं, उनका निराकरण किया जाएगा। सारी कागजी कार्रवाई रिटायरमेंट से पहले तैयार कर विभाग में पुट अप कर स्वीकृति की जाएगी और रिटायर होते ही उनकी पेंशन शुरू हो जाएगी।
वीएसके के कारण नहीं रुकेगी तनख्वाह
तीसरा विषय वीएसके का था, जिसमें लगातार कुछ जिलों से यह शिकायतें आ रही थीं कि वीएसके में जो हाजिर नहीं हुआ, उसका वेतन कटेगा। इस समस्या पर शिक्षा सचिव ने कहा कि इसके लिए किसी का वेतन नहीं रुकेगा, बल्कि संस्था प्रमुखों से प्रमाणीकरण किया जाएगा।
स्थानांतरण के लिए बनेगा विभागीय पोर्टल
बैठक में बताया गया कि स्थानांतरण के लिए विभागीय पोर्टल बनेगा। शिक्षक एलबी संवर्ग की पदोन्नति पर फेडरेशन द्वारा मुद्दा उठाया गया कि वरिष्ठता के आधार पर शिक्षकों की पदोन्नति की जाए तथा 2028 तक टीईटी उत्तीर्ण करने की शर्त रखी जाए। फिलहाल रिक्त पदों पर वरिष्ठता के आधार पर पदोन्नति दी जाए। इस पर शिक्षा सचिव ने इस मामले में विभागीय परीक्षण करने की बात कही।
फेडरेशन ने जताया आभार
इस प्रकार छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन की सक्रियता के बाद शिक्षकों के मुद्दों के ठोस निराकरण की पहल शिक्षा सचिव द्वारा की गई है। जिस पर कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा ने शिक्षा सचिव का आभार जताया है तथा प्रदेश के शिक्षकों एवं कर्मचारियों के नाम अपने संबोधन में कहा कि शिक्षकों एवं कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन हमेशा तत्पर है और ज्वलंत मुद्दों पर निरंतर प्रयास जारी रहेगा तथा सभी समस्याओं का समाधान होगा। जो भी समस्याएं लंबित हैं, उसके लिए समय-समय पर हम आंदोलन-हड़ताल करते रहेंगे, साथ ही सरकार से हमारी वार्ता होते रहेगी।
