नयापारा की बदहाल सड़क पर कांग्रेस का चक्काजाम, सड़क नहीं बनी तो PWD का होगा घेराव — सुशील मौर्य
जगदलपुर। संभाग मुख्यालय जगदलपुर में बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष सुशील मौर्य के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने मोतीलाल नेहरू वार्ड नयापारा की बदहाल एवं अधूरी सड़क को लेकर चक्काजाम विरोध प्रदर्शन किया। हाता ग्राउंड से जिला न्यायालय तक निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने एवं आम जनता को हो रही समस्याओं से राहत दिलाने की मांग को लेकर कांग्रेसजनों ने ज्ञापन सौंपा।छह माह से अधूरा पड़ा है निर्माण कार्य
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि नयापारा मार्ग का निर्माण कार्य लगभग छह माह पूर्व प्रारंभ हुआ था, लेकिन आज तक सड़क का निर्माण आधा-अधूरा पड़ा हुआ है। सड़क पर जगह-जगह गिट्टियां उखड़ी हुई हैं, जिसके कारण वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को भारी परेशानी हो रही है। तेज गति से गुजरने वाले वाहनों से गिट्टियां उछलकर राहगीरों को लग रही हैं और आए दिन दुर्घटनाओं की स्थिति निर्मित हो रही है।
धूल से परेशान हैं रहवासी, दुकानदार और विद्यार्थी
उन्होंने कहा कि सड़क की बदहाली के कारण स्थानीय रहवासी, दुकानदार, विद्यार्थी और बुजुर्ग सबसे अधिक परेशान हैं। लगातार उड़ने वाली धूल के कारण लोगों का सड़क किनारे रहना और व्यवसाय करना मुश्किल हो गया है। बारिश का मौसम अब समाप्ति की ओर है और इस मार्ग पर मुख्य रूप से डामरीकरण का कार्य ही शेष है, इसके बावजूद निर्माण को अनावश्यक रूप से लंबित रखा जाना समझ से परे है।
"ट्रिपल इंजन सरकार के दावों की पोल खुली"
सुशील मौर्य ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र, राज्य और स्थानीय निकाय में भाजपा की सरकार होने के बावजूद विकास कार्यों की यह स्थिति 'ट्रिपल इंजन सरकार' के दावों की पोल खोल रही है। शहर की बुनियादी सुविधाएं बदहाल हैं और जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होना पड़ रहा है। यहां के सांसद महेश कश्यप, विधायक किरण देव, महापौर संजय पांडे और वार्ड पार्षद की नाकामी का खामियाजा मोतीलाल नेहरू वार्ड के नागरिक भुगत रहे हैं।
दशहरा पर पड़ेगा असर
सुशील मौर्य ने कहा कि विश्व प्रसिद्ध बस्तर दशहरा पर्व भी कुछ ही दिनों में प्रारंभ होने वाला है। इस दौरान बस्तर सहित देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक जगदलपुर पहुंचेंगे। नयापारा का यह मार्ग शहर के महत्वपूर्ण मार्गों में शामिल है। ऐसे समय में सड़क का अधूरा और जर्जर रहना न केवल आम जनता के लिए परेशानी का कारण बनेगा, बल्कि जगदलपुर की यातायात व्यवस्था और शहर की छवि पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालेगा।
PWD घेराव की चेतावनी
उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज को दबने नहीं देगी। यदि सड़क निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा नहीं किया गया तो कांग्रेस कार्यकर्ता वार्डवासियों के साथ मिलकर लोक निर्माण विभाग (PWD) कार्यालय का घेराव करेंगे। जरूरत पड़ी तो आंदोलन को और उग्र एवं व्यापक किया जाएगा।
"भाजपा का विकास सिर्फ कागजों में" — रेखचंद जैन
पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने कहा कि भाजपा सरकार विकास के नाम पर बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन धरातल पर विकास की वास्तविकता नयापारा जैसी बदहाल सड़कों में दिखाई दे रही है। भाजपा का विकास केवल कागजों और विज्ञापनों तक सीमित रह गया है। केंद्र से लेकर राज्य और नगर निकाय तक भाजपा की सरकार होने के बावजूद यदि एक महत्वपूर्ण सड़क का निर्माण छह महीने में पूरा नहीं हो पा रहा है, तो यह ट्रिपल इंजन सरकार की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
"जनता की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ेगी कांग्रेस" — राजेश चौधरी
नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने कहा कि नयापारा की सड़क की स्थिति लंबे समय से जनता के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले नागरिकों को धूल, गड्ढों, बिखरी गिट्टियों और दुर्घटना के खतरे के बीच आवागमन करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का यह आंदोलन किसी राजनीतिक स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि वार्ड की जनता की मूलभूत समस्या को लेकर है। जब तक सड़क का निर्माण पूरा नहीं होता और जनता को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा नहीं मिलती, कांग्रेस इस मुद्दे को लगातार उठाती रहेगी।
प्रदर्शन में ये रहे मौजूद
इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेसी उमाशंकर शुक्ला, रामशंकर राव, गौरनाथ नाग, विक्रम सिंह डांगी, पूर्व सभापति कविता साहू, जिला उपाध्यक्ष अतिरिक्त शुक्ला, संकल्प दुबे, अनवर खान, उपनेता कोमल सेना, महिला कांग्रेस अध्यक्ष लता निषाद, महामंत्री अभिषेक नायडू, प्रशांत जैन, अल्ताफ उल्ला खान, अनुराग महतो, नीतीश शर्मा, कोषाध्यक्ष रविशंकर तिवारी, ब्लॉक अध्यक्ष सूर्यापानी, बलराम यादव, अल्पसंख्यक अध्यक्ष रोजविन दास, व्यापार प्रकोष्ठ अध्यक्ष राजेंद्र पटवा, पिछड़ा वर्ग अध्यक्ष शुभम यदू, विजेंद्र ठाकुर, मीडिया प्रभारी शादाब अहमद, मोहसिन खान, सलीम अली, आदर्श दलाई, ज्योति राव, माही श्रीवास्तव, शहजाद, हेमंत, मनिता राऊत, पार्षद रामकृष्ण तिवारी, राकेश मौर, कमलेश पाठक, रविश्रीवास सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्तागण एवं वार्डवासी उपस्थित रहे।
