ISSN: 3139-9959 (Online)

स्वदेशी मेला 2026 जगदलपुर: 18 से 25 अक्टूबर तक लालबाग मैदान में भव्य आयोजन, 15 राज्यों के स्वदेशी उत्पाद

बस्तर की पावन धरा पर सजेगा स्वदेशी का महाकुंभ, 18 से 25 अक्टूबर तक लालबाग मैदान जगदलपुर में होगा स्वदेशी मेला 2026 का आयोजन

15 राज्यों के स्वदेशी उत्पादों के स्टॉल, स्थानीय उद्यमियों को मिलेगा व्यापार का अवसर, प्रतिदिन सांस्कृतिक संध्या एवं विविध प्रतियोगिताएं होंगी आकर्षण का केंद्र

"जगदलपुर में स्वदेशी मेला 2026 के आयोजन की जानकारी देने हेतु आयोजित पत्रकार वार्ता में मीडिया को जानकारी देते आयोजन समिति के सदस्य"
जगदलपुर: स्वदेशी मेला 2026 के आयोजन की जानकारी देने हेतु आयोजित पत्रकार वार्ता में मीडिया को जानकारी देते आयोजन समिति के सदस्य। 18 से 25 अक्टूबर तक लालबाग मैदान, जगदलपुर में होगा आयोजन। — फोटो: स्वदेशी जागरण मंच

जगदलपुर, बस्तर | 16 अक्टूबर 2026: भारत की स्वदेशी परंपरा, सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय उद्यमिता एवं आत्मनिर्भरता के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से स्वदेशी जागरण मंच के स्वदेशी जागरण फाउंडेशन एवं स्वर्णिम भारतवर्ष फाउंडेशन की इकाई भारतीय विपणन विकास केंद्र (CBMD) द्वारा बस्तर की देवी मां दंतेश्वरी की नगरी जगदलपुर में द्वितीय वर्ष स्वदेशी मेला का आयोजन 18 से 25 अक्टूबर 2026 तक जगदलपुर के लालबाग मैदान में किया जा रहा है। बस्तर की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और गौरवशाली विरासत के बीच आयोजित यह मेला स्वदेशी विचार, भारतीय उत्पादों और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को नई ऊर्जा प्रदान करेगा।

स्वदेशी मेला केवल खरीदारी और मनोरंजन का आयोजन नहीं, बल्कि देश की आर्थिक आत्मनिर्भरता, स्थानीय रोजगार, उद्यमिता, किसान-मजदूरों के सम्मान तथा भारतीय संस्कृति के संरक्षण का एक व्यापक जन अभियान है। इसका मूल संदेश है कि भारत की समृद्धि का आधार भारत के अपने उत्पाद, अपने उद्यमी, अपने कारीगर और अपने श्रमशील नागरिक हैं। स्वदेशी अपनाकर ही देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ाने का संकल्प साकार किया जा सकता है।

15 राज्यों के उत्पादों का संगम, स्थानीय व्यापार को मिलेगा प्रोत्साहन

इस वर्ष के स्वदेशी मेले में देश के लगभग 15 राज्यों के स्वदेशी उत्पादों एवं व्यवसायों से जुड़े स्टॉल आकर्षण का प्रमुख केंद्र होंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से देश के विभिन्न क्षेत्रों की पारंपरिक कला, हस्तशिल्प, घरेलू उद्योगों, कुटीर उद्योगों तथा विविध स्वदेशी उत्पादों को एक ही स्थान पर देखने और खरीदने का अवसर मिलेगा।

मेले में स्थानीय व्यापारियों, लघु उद्यमियों, महिला उद्यमियों, कारीगरों एवं स्वरोजगार से जुड़े लोगों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए एक महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध होगा। इसका उद्देश्य स्थानीय उत्पादकों को उपभोक्ताओं से जोड़ना, उनके व्यापार का विस्तार करना तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार और आय के नए अवसरों को प्रोत्साहित करना है।

स्थानीय स्वाद के साथ सजेगा आकर्षक फूड जोन

स्वदेशी मेले में खानपान के शौकीनों के लिए आकर्षक फूड जोन भी तैयार किया जाएगा। यहां विभिन्न प्रकार के व्यंजनों के साथ स्थानीय स्वाद और खानपान की विविधता का आनंद लेने का अवसर मिलेगा। फूड जोन स्थानीय फूड व्यवसायियों एवं छोटे कारोबारियों के लिए भी एक महत्वपूर्ण मंच बनेगा।

प्रतिदिन सांस्कृतिक संध्या, लोक कला और भारतीय संस्कृति का होगा उत्सव

इस भव्य आयोजन के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की कड़ी में राज्य अलंकरण सम्मान से सम्मानित लोक गायक सुनील तिवारी, रंग झांझर लोकमंच एवं बस्तर संस्कृति ग्रुप द्वारा लोकरंग की कला की प्रस्तुति लेकर आ रहे हैं सिद्धार्थ महाजन। इसी के साथ छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय नृत्य मवई नाचा की सुंदर प्रस्तुति महादेव नाग द्वारा प्रस्तुत की जाएगी।

स्वदेशी मेले के आठों दिन प्रतिदिन सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, लोक संगीत, नृत्य और विविध सांस्कृतिक परंपराओं को मंच प्रदान किया जाएगा। बस्तर की समृद्ध लोक संस्कृति एवं देश की विविध सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ी प्रस्तुतियां मेले को विशेष पहचान देंगी।

महिलाओं, बच्चों एवं युवाओं के लिए विविध प्रतियोगिताएं

मेले में महिलाओं, बच्चों और युवाओं की रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें प्रमुख रूप से मेहंदी प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता, व्यंजन प्रतियोगिता, बालिका सजाओ प्रतियोगिता, स्वदेशी फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता, कबाड़ का जुगाड़ प्रतियोगिता, आरती थाली सजाओ, जसगीत प्रतियोगिता, महिला वेशभूषा एवं सौंदर्य प्रतियोगिता, वॉइस ऑफ बस्तर, एकल एवं सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता शामिल हैं।

मनोरंजन आकर्षण का केंद्र बने, इस उद्देश्य से मेले में आकर्षक झूलों एवं अन्य मनोरंजक गतिविधियों की व्यवस्था भी रहेगी। स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, प्रतियोगिताओं, खानपान और मनोरंजन के साथ यह मेला शहरवासियों के लिए एक संपूर्ण पारिवारिक अनुभव प्रस्तुत करेगा।

" शहर में स्वदेशी महाकुंभ का आयोजन का यह दूसरा  वर्ष है। बीते वर्ष भी लोगों का अच्छा प्रतिसाद मिलने से यहां बहुत अच्छा कारोबार हुआ था। ऐसे आयोजन लगातार होने से बस्तर के शिल्पकारों को लाभ मिलता है।" — लक्ष्मण झा, सह संयोजक

आयोजकों की नागरिकों से अपील

आयोजकों ने जगदलपुर एवं बस्तर संभाग के समस्त नागरिकों, व्यापारियों, उद्यमियों, मातृशक्ति, युवाओं, विद्यार्थियों और स्वदेशी विचार के समर्थकों से अपील की है कि वे 18 से 25 अक्टूबर 2026 तक लालबाग मैदान, जगदलपुर में आयोजित स्वदेशी मेले में अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनें।

आइए स्वदेशी अपनाएं, स्वावलंबन बढ़ाएं और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।

जय स्वदेशी, जय जय स्वदेशी।

आयोजक

  • स्वदेशी जागरण मंच एवं स्वर्णिम भारतवर्ष फाउंडेशन

  • भारतीय विपणन विकास केंद्र (CBMD)

आयोजन की जानकारी

विवरणजानकारी
आयोजन अवधि18 अक्टूबर से 25 अक्टूबर 2026
स्थानलालबाग मैदान, जगदलपुर, बस्तर, छत्तीसगढ़
मुख्य आकर्षण15 राज्यों के स्वदेशी उत्पाद, फूड जोन, सांस्कृतिक संध्या, प्रतियोगिताएं

आयोजन समिति

  • श्याम सोमानी — अध्यक्ष, स्वागत समिति

  • संजय पांडेय — सचिव, स्वागत समिति

  • लक्ष्मण झा एवं अनिल लूकड़ — सह संयोजक

  • किशोर पारख — मेला संयोजक

  • डॉ. राम राकेश जांगिड़ — संभाग संयोजक, स्वदेशी जागरण

📰 यह भी पढ़ें:

1. राष्ट्रीय महिला किसान दिवस: कृषि विज्ञान केंद्र बस्तर में महिला कृषकों की कार्यशाला, 65 महिलाओं ने लिया भाग
🔗 पूरी खबर पढ़ें

2. डेढ़ साल से ठप NMDC भर्ती, 1100 युवाओं का सपना और 4 दिन का आंदोलन—क्या सांसद के आश्वासन से खुलेगा रोजगार का रास्ता?
🔗 पूरी खबर पढ़ें

3. सुकमा पुलिस लाइन में निःशुल्क सिलाई केंद्र शुरू, 150 पुलिस परिवार की महिलाओं को मिलेगा प्रशिक्षण
🔗 पूरी खबर पढ़ें

basant dahiya

मेरा नाम बसंत दहिया है। मैं लगभग 20 वर्षों से प्रिंट मीडिया में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा हूं। इसी बीच मैंने बस्तर जिला व राजधानी रायपुर के प्रमुख समाचार पत्रों में अपनी सेवा देकर लोकहित एवं देशहित में कार्य किया है। वर्तमान की आवश्यकता के दृष्टिगत मैंने अपना स्वयं का न्यूज पोर्टल- समग्रविश्व अप्रेल 2024 से शुरू किया है जो जनहित एवं समाज कल्याण में सक्रिय है। इसमें आप सहयोगी बनें और मेरे न्यूज पोर्टल को सपोर्ट करें। "जय हिन्द, जय भारत"

Post a Comment

Previous Post Next Post