नवरात्र के पहले दिन मां दंतेश्वरी मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, किरण देव ने किया सेवा रथ का शुभारंभ
जगदलपुर | 11 अक्टूबर 2026
जगदलपुर। ऐतिहासिक बस्तर दशहरा और शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन बस्तर अंचल के देवी मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। जगदलपुर स्थित बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। माता के दर्शन के लिए मंदिर परिसर में लंबी कतारें लगी रहीं। दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की और श्रद्धापूर्वक ज्योति प्रज्वलित की।
वीडियो देखें
नवरात्र के शुभारंभ के साथ ही पूरे बस्तर में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। ऐतिहासिक बस्तर दशहरा के प्रमुख विधि-विधानों के अंतर्गत कलश स्थापना और जोगी बिठाई का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। बस्तर दशहरा की पारंपरिक धार्मिक परंपराओं और नवरात्र की पूजा-अर्चना ने पूरे अंचल को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।
कुमार जयदेव ने मां दंतेश्वरी एवं मां मावली के दरबार में की पूजा-अर्चना
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव के बड़े भाई कुमार जयदेव ने मां दंतेश्वरी एवं मां मावली मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने माता से बस्तर सहित पूरे प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने समस्त श्रद्धालुओं को नवरात्र और बस्तर दशहरा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मां दंतेश्वरी सभी की मनोकामनाएं पूर्ण करें और सभी के जीवन में सुख-समृद्धि का संचार हो। उन्होंने अपने छोटे भाई किरण सिंह देव के स्वास्थ्य के संबंध में बताया कि वे सड़क दुर्घटना में घायल हो गए थे, लेकिन अब पूरी तरह स्वस्थ हैं और शीघ्र ही मां दंतेश्वरी के दर्शन के लिए पहुंचेंगे।
मावली मंदिर में बस्तर धाकड़ क्षत्रीय राजपूत समाज ने की ज्योति कलश स्थापना
नवरात्र के प्रथम दिन मावली मंदिर में भी धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का वातावरण रहा। यहां बस्तर धाकड़ क्षत्रीय राजपूत समाज के तत्वावधान में ज्योति कलश स्थापना का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में कुमार जयदेव भी शामिल हुए। उन्होंने माता के दरबार में पूजा-अर्चना कर आस्था की ज्योति प्रज्वलित की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। मावली मंदिर में ज्योति कलश स्थापना के साथ ही श्रद्धालुओं ने माता के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
नवरात्रि के पावन पर्व पर आज दंतेश्वरी मंदिर प्रांगण से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव के द्वारा मां दंतेश्वरी जी के दर्शन हेतु दंतेवाड़ा जाने वाले पदयात्रियों की सेवा के लिए सेवा रथ का शुभारंभ विधिवत पूजा-अर्चना कर किया गया। सेवा रथ में पदयात्रियों को फल, बिस्कुट एवं पानी का वितरण किया जाएगा। किरण देव ने सभी क्षेत्रवासियों को बस्तर दशहरा एवं शारदीय नवरात्र की हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी। उन्होंने कहा कि नवरात्र पर दंतेवाड़ा में मां दंतेश्वरी जी के दर्शन के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु पदयात्रा कर माता का दर्शन करते हैं। सेवा रथ से पदयात्रियों को फल, बिस्कुट एवं पानी का वितरण किया जाएगा।
नवरात्र के पहले दिन मां दंतेश्वरी और मावली मंदिर के अलावा बस्तर के विभिन्न देवी मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिली। शीतला माता मंदिर सहित छोटे डोंगर, बड़े डोंगर और गिरोला स्थित मंदिरों में भी सुबह से ही भक्त दर्शन के लिए पहुंचते रहे। श्रद्धालुओं ने अपने परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए पूजा-अर्चना की तथा मनोकामना ज्योति प्रज्वलित की। इस अवसर पर बस्तर क्षेत्रीय धाकड़ राजपूत समाज के अध्यक्ष योगेश ठाकुर, पीताम्बर ठाकुर, मुरली सिंह, देवेंद्र राठौर, प्रकाश रावल, रविन्द्र दास, मनोज जंगम, विवेक जैन, धीरज मेहरा सहित समाज के महिलाएं भी उपस्थित थीं। सेवा रथ शुभारंभ कार्यक्रम में विद्याशरण तिवारी, महापौर संजय पांडे, जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पांडे, श्रीनिवास मिश्रा, रामाश्रय सिंह, रजनीश पानीग्राही, आरेद्र सिंह, योगेन्द्र पांडे, प्रकाश झा, संग्राम सिंह राणा, हरिश पारेख, राजेश श्रीवास्तव, आशुतोष पाण्डेय, गोविंद ईनाणी, श्रीपाल जैन, परेश बेसरा, दिनेश पानी ग्राही, मनोज पटेल, नरेन्द्र पानीग्राही, सतीश बाजपेई, अमित कपूर, अभिषेक तिवारी, विनय राजू, अचुंत सामंत, रितेश झा एवं अन्य उपस्थित थे।