नशे के खिलाफ बस्तर पुलिस का बड़ा अभियान: अवैध प्रतिबंधित डोडा बेचने वाले 03 आरोपी गिरफ्तार, करीब 3 किलो डोडा जब्त
थाना बोधघाट क्षेत्र में हुई कार्रवाई, ग्राहक का इंतजार करते पकड़े गए आरोपी; जब्त मादक पदार्थ की कीमत करीब ₹29,940
![]() |
| जगदलपुर: थाना बोधघाट पुलिस द्वारा अवैध प्रतिबंधित डोडा (Poppy Straw) बिक्री के मामले में गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से जब्त मादक पदार्थ की जांच करते हुए। — फोटो: बस्तर पुलिस |
जगदलपुर, बस्तर | 18 अक्टूबर 2026: पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के नेतृत्व में बस्तर पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ अभियान चलाकर नशे के सौदागरों तथा अपराधिक तत्वों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी तारतम्य में अवैध प्रतिबंधित मादक पदार्थ डोडा (Poppy Straw) बिक्री करने के लिए ग्राहक का इंतजार करते तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में बस्तर पुलिस को सफलता मिली है। आरोपियों के कब्जे से कुल 2.994 किलोग्राम अवैध प्रतिबंधित डोडा जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹29,940 बताई गई है।
मुखबिर की सूचना पर रेलवे स्कूल ग्राउंड में की गई रेड
ज्ञात हो कि थाना बोधघाट में 16 अक्टूबर की शाम मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति मेटगुडा स्थित रेलवे स्कूल ग्राउंड के पास अवैध रूप से मादक पदार्थ डोडा (Poppy Straw) अवैध रूप से बिक्री करने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के दिशानिर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन सिंह राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी बोधघाट टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में थाना प्रभारी बोधघाट व अन्य थाना स्टाफ की टीम बनाकर सूचना की तस्दीकी तथा कार्रवाई हेतु तत्काल मेटगुडा स्थित रेलवे स्कूल ग्राउंड के पास पहुंचकर रेड कार्रवाई की गई।
दो आरोपी पकड़े गए, तीसरे की निशानदेही पर हाटकछोरा में हुई कार्रवाई
रेड के दौरान मुखबिर के बताए हुलिए के दो व्यक्ति मिले, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़कर पूछताछ की गई। उन्होंने अपना नाम किशोर दास (45 वर्ष, निवासी ग्राम मेटावड़ा) तथा अंबर कश्यप (उम्र 37 वर्ष, निवासी मेटगुडा) बताया। उनकी तलाशी लेने पर आरोपियों के संयुक्त कब्जे में रखे सफेद रंग के झिल्ली एवं सफेद-नीला रंग के कैरी बैग के अंदर से अवैध मादक पदार्थ डोडा (Poppy Straw) कुल 08 पैकेट में 1.021 किलोग्राम, जिसकी कीमत ₹10,210 है, बरामद हुआ। इस संबंध में पूछताछ करने पर आरोपियों ने एक व्यक्ति के साथ मिलकर डोडा की अवैध बिक्री का कार्य करना बताया।
हाटकचोरा मेन रोड से ट्रॉली बैग में मिला 1.973 किलोग्राम डोडा
उक्त आरोपियों की निशानदेही पर हाटकछोरा मेन रोड में रेड कार्रवाई की गई, जहां एक व्यक्ति ट्रॉली बैग रखा हुआ मिला। उसने अपना नाम अस्सू देवांगन (45 वर्ष) बताया। उसकी तलाशी लेने पर ट्रॉली बैग के अंदर से 09 प्लास्टिक के पैकेट में कुल 1.973 किलोग्राम मादक पदार्थ डोडा (Poppy Straw), जिसकी कीमत ₹19,730 है, बरामद हुआ।
वैध दस्तावेज नहीं होने पर दर्ज हुआ NDPS Act का मामला
बरामद डोडा को अपने कब्जे में रखने, परिवहन करने तथा बिक्री करने के संबंध में आरोपियों द्वारा किसी प्रकार का वैध दस्तावेज पेश नहीं किया गया, जिससे उनका यह कृत्य अपराध धारा 20(B) NDPS Act का होना पाया गया। पुलिस ने उक्त अवैध मादक पदार्थ डोडा (Poppy Straw) को विधिवत जप्त करते हुए तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया तथा उनके विरुद्ध धारा 20(B) NDPS Act का अपराध पंजीबद्ध कर न्यायिक रिमांड के लिए विशेष NDPS न्यायालय जगदलपुर भेजा गया है।
बस्तर पुलिस की अपील
बस्तर पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि नशे और मादक पदार्थों की अवैध बिक्री जैसी गतिविधियों से दूर रहें तथा ऐसी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाना को सूचित करें। जिले में नशे के खिलाफ अभियान एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बस्तर पुलिस प्रतिबद्ध है।
महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अधिकारी एवं कर्मचारी
उक्त कार्रवाई में निरीक्षक टामेश्वर चौहान, उप निरीक्षक ललित सिंह नेगी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक अफसाना, सहायक उप निरीक्षक सतीश श्रीवास्तव, प्रधान आरक्षक अहिलेश नाग एवं सुनील मनहर तथा आरक्षक दीपक मिंज, युवराज ठाकुर, परमानंद भोयर एवं कामदेव दर्रो की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
