ISSN: 3139-9959 (Online)

साइबर ठगी का खुलासा: जामताड़ा से कोलकाता तक पहुंची बस्तर पुलिस, 2 ठग गिरफ्तार; 82 ATM कार्ड जब्त

जामताड़ा से कोलकाता तक साइबर ठगों का पीछा, बस्तर पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा

सेवानिवृत्त शिक्षक को पेंशन कार्ड का झांसा देकर ₹5.90 लाख की ठगी का खुलासा, 82 ATM कार्ड और 06 मोबाइल जब्त

जगदलपुर, बस्तर | 17 अक्टूबर 2026:

बस्तर पुलिस ने अंतरराज्यीय साइबर ठगी के एक बड़े मामले का पर्दाफाश करते हुए झारखंड के जामताड़ा से जुड़े दो साइबर ठगों को पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने एक सेवानिवृत्त शिक्षक को सीनियर सिटीजन पेंशन कार्ड का झांसा देकर ₹5.90 लाख की ठगी को अंजाम दिया था। अपराध दर्ज होने के महज 20 दिनों के भीतर पुलिस ने इस मामले को सुलझा लिया है।

बस्तर पुलिस द्वारा साइबर ठगी मामले में पत्रकार वार्ता के दौरान अधिकारियों के पीछे खड़े आरोपी और सामने टेबल पर रखा जब्त सामान जिसमें 82 ATM कार्ड, 6 मोबाइल और सिम कार्ड शामिल हैं
जगदलपुर: साइबर ठगी मामले में गिरफ्तार आरोपियों और जब्त किए गए सामान (82 ATM कार्ड, मोबाइल, सिम आदि) के साथ पत्रकार वार्ता लेते बस्तर पुलिस के अधिकारी। — फोटो: बस्तर पुलिस

ऐसे बुना गया ठगी का जाल

पुलिस के अनुसार, एक सेवानिवृत्त शिक्षक को फेसबुक पर सीनियर सिटीजन पेंशन कार्ड बनवाने का विज्ञापन दिखाई दिया। सरकारी लाभ मिलने की उम्मीद में उन्होंने विज्ञापन में दिए गए लिंक पर क्लिक किया। लिंक खुलने पर ऑनलाइन फॉर्म में आधार कार्ड, पैन कार्ड, मोबाइल नंबर और बैंक खाते से संबंधित जानकारी भरने का विकल्प मिला।

प्रार्थी द्वारा फॉर्म में आंशिक जानकारी भरकर छोड़ देने के बाद अज्ञात मोबाइल नंबरों से फोन कॉल आए। इन कॉल के माध्यम से प्रार्थी की व्यक्तिगत एवं बैंकिंग संबंधी जानकारी प्राप्त की गई और उनके बैंक खाते से ₹5,90,000 ऑनलाइन ट्रांसफर कर ठगी कर ली गई। शिकायत पर थाना फ्रेजरपुर (परपा) में अपराध क्रमांक 241/2026 पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

तकनीकी जांच से कोलकाता तक पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा (IPS) ने त्वरित जांच एवं आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के पर्यवेक्षण तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे (IPS) एवं उप पुलिस अधीक्षक साइबर चंद्रहास के मार्गदर्शन में विशेष टीमें गठित की गईं।

पुलिस टीम ने संदिग्ध मोबाइल नंबरों, ठगी की रकम जिन बैंक खातों में स्थानांतरित हुई थी, तथा ATM से रकम निकासी से संबंधित CCTV जानकारी का तकनीकी विश्लेषण किया। जांच में आरोपियों के तार झारखंड के जामताड़ा जिले से जुड़े पाए गए। आरोपी लगातार अपना लोकेशन बदल रहे थे, जिसके बाद तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उनका लोकेशन कोलकाता, पश्चिम बंगाल में ट्रेस किया गया।

200 होटलों की जांच के बाद गिरफ्तारी

निरीक्षक सागर पाठक के नेतृत्व में पुलिस टीम को कोलकाता रवाना किया गया। कोलकाता के पार्क स्ट्रीट क्षेत्र में लगभग 200 होटलों से जानकारी जुटाने के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान की और स्थानीय पुलिस के सहयोग से घेराबंदी कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर जिला बस्तर लाया गया।

आरोपियों के कब्जे से जब्ती:

  • 82 नग विभिन्न बैंकों के ATM कार्ड
  • 06 मोबाइल फोन
  • 05 सिम कार्ड
  • इलेक्ट्रॉनिक सामग्री (Croma Ear Pod, Headphone, Power Bank एवं Aviz Ear Pod)
  • ₹25,000 नकद

जब्त ATM कार्डों एवं मोबाइल नंबरों के आधार पर अन्य जिलों और राज्यों में हुई साइबर ठगी की घटनाओं में आरोपियों की संभावित संलिप्तता की जांच की जा रही है।

बस्तर पुलिस की अपील: एक क्लिक से पहले सावधान!

पेंशन कार्ड, सरकारी योजना या किसी वित्तीय लाभ के नाम पर आने वाला हर लिंक भरोसेमंद नहीं होता।

  • सोशल मीडिया पर दिखने वाले संदिग्ध विज्ञापनों और अनजान लिंक से सावधान रहें।
  • आधार, पैन, बैंक खाता, ATM कार्ड, PIN और OTP जैसी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करें।
  • पेंशन एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी केवल संबंधित विभाग के आधिकारिक माध्यमों से सत्यापित करें।
  • अपने सोशल मीडिया खातों पर टू-स्टेप वेरिफिकेशन सक्रिय रखें।
  • साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।

— बस्तर पुलिस, जिला बस्तर (छत्तीसगढ़)

📰 यह भी पढ़ें:

basant dahiya

मेरा नाम बसंत दहिया है। मैं लगभग 20 वर्षों से प्रिंट मीडिया में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा हूं। इसी बीच मैंने बस्तर जिला व राजधानी रायपुर के प्रमुख समाचार पत्रों में अपनी सेवा देकर लोकहित एवं देशहित में कार्य किया है। वर्तमान की आवश्यकता के दृष्टिगत मैंने अपना स्वयं का न्यूज पोर्टल- समग्रविश्व अप्रेल 2024 से शुरू किया है जो जनहित एवं समाज कल्याण में सक्रिय है। इसमें आप सहयोगी बनें और मेरे न्यूज पोर्टल को सपोर्ट करें। "जय हिन्द, जय भारत"

Post a Comment

Previous Post Next Post