नशे के खिलाफ बस्तर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध नशीली कफ सिरप के साथ 02 आरोपी गिरफ्तार, स्विफ्ट कार और iPhone जब्त
थाना बोधघाट क्षेत्र में हुई कार्रवाई, आरोपियों के कब्जे से 300 नग नशीली सिरप, दो मोबाइल एवं कार सहित ₹6 लाख से अधिक की सामग्री जब्त
![]() |
| जगदलपुर: थाना बोधघाट पुलिस द्वारा अवैध प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप बिक्री के मामले में गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से जब्त नशीली सिरप, मोबाइल एवं स्विफ्ट कार। — फोटो: बस्तर पुलिस |
मुखबिर की सूचना पर वन विद्यालय के पास की गई कार्रवाई
ज्ञात हो कि थाना बोधघाट में बुधवार की सुबह मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली कि दो व्यक्ति सिल्वर रंग की कार क्रमांक MH 40 KR 2559 में अवैध प्रतिबंधित नशीली सिरप रखकर बिक्री के लिए जगदलपुर से गीदम की तरफ परिवहन कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के दिशानिर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन सिंह राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी बोधघाट टामेश्वर चौहान के नेतृत्व में थाना प्रभारी बोधघाट व अन्य थाना स्टाफ की टीम बनाकर सूचना की तस्दीकी और कार्रवाई के लिए गीदम रोड वन विद्यालय के पास पहुंचकर कार्रवाई की गई।
सफेद बोरी और कार्टून से बरामद हुई सिरप
मौके पर सिल्वर रंग की कार में दो व्यक्ति आते हुए दिखे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़कर पूछताछ की गई। उन्होंने अपना नाम वीर कुमार झा (45) तथा दूसरा व्यक्ति सुभम तिवारी (25) बताया। उनकी तलाशी लेने पर आरोपियों के संयुक्त कब्जे में रखे सफेद रंग के बोरी एवं दो नग कार्टून के अंदर से अवैध मादक नशीली सिरप 300 नग (प्रत्येक 100 ml, कुल 30 लीटर), जिसकी कीमत ₹63,000 है, बरामद हुई।
NDPS Act के तहत मामला दर्ज
सिरप को रखने व बिक्री करने के संबंध में आरोपियों द्वारा कोई दस्तावेज नहीं होने की बात बताई गई। ऐसे में पुलिस ने उक्त अवैध प्रतिबंधित नशीली सिरप को विधिवत जप्त करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा उनके विरुद्ध धारा 21(C) NDPS Act का अपराध पंजीबद्ध कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
जब्त सामग्री का विवरण
आरोपियों के कब्जे से अवैध प्रतिबंधित नशीली सिरप 300 नग (कीमत ₹63,000), 02 नग पुराना इस्तेमाली मोबाइल (कीमत ₹60,000) तथा स्विफ्ट कार क्रमांक MH 40 KR 2559 (कीमत ₹5,00,000) को जप्त किया गया है। इस प्रकार जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत ₹6,23,000 के आसपास है। उक्त कार्रवाई में निरीक्षक टामेश्वर चौहान, उप निरीक्षक लोकेश्वर नाग, प्रशिक्षु उप निरीक्षक अफसाना, सहायक उप निरीक्षक दिनेश उसेंडी, प्रधान आरक्षक अहिलेश नाग एवं श्रीनाथ बघेल तथा आरक्षक युवराज ठाकुर एवं विजय तिर्की की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
