CM विष्णुदेव साय का बस्तर दौरा: बाढ़ प्रभावितों से की भेंट, हर परिवार को 10-10 हजार रुपए की घोषणा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बस्तर में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का लिया जायजा, हर प्रभावित परिवार को 10-10 हजार रुपए की मदद देने की घोषणा

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय डोंगाघाट में बाढ़ प्रभावित परिवारों से भेंट करते हुए
बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेते मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, साथ में जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित।
जगदलपुर, 29 सितंबर 2026 — मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को जगदलपुर नगर निगम क्षेत्र के डोंगाघाट पहुंचकर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया और प्रभावित परिवारों से भेंटकर उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। उन्होंने हरेक प्रभावित परिवार को शासन की सहायता के साथ ही मुख्यमंत्री राहत कोष से दस-दस हजार रुपए की मदद देने की घोषणा की।

प्रभावित परिवारों से की भेंट, दी मदद का भरोसा

मुख्यमंत्री साय ने बाढ़ प्रभावित सुनील पिता दशरथी और कुशल पिता दशरथी से उनके परिवारों से चर्चा करते हुए कहा कि शासन-प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही अन्य बाढ़ प्रभावित परिवारों से भेंटकर उन्हें मदद देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित लोगों तक आवश्यक राहत सामग्री समय पर पहुंचाई जाए और किसी भी परिवार को परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

इंद्रावती पुल पर जलस्तर का किया अवलोकन

मुख्यमंत्री ने इंद्रावती पुल पहुंचकर नदी के जलस्तर एवं आसपास के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का भी अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों से बस्तर जिले में बाढ़ की स्थिति, प्रभावित क्षेत्रों तथा राहत एवं बचाव कार्यों की विस्तृत जानकारी ली।

राहत कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश

उन्होंने अधिकारियों को खाद्य सामग्री, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं और अन्य आवश्यक सुविधाएं प्रभावित परिवारों तक प्राथमिकता के साथ पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने तथा आवश्यकता के अनुसार राहत दलों को तत्काल सक्रिय करने के लिए कहा।

विशेष तौर पर बाढ़ का पानी कम होने के बाद शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने और जल जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए सकारात्मक प्रयास किए जाने के निर्देश दिए। वहीं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में संवेदनशीलता के साथ मकान, फसल, पशुधन क्षति का सर्वे कर आंकलन किए जाने सहित संबंधित परिवारों को सहायता सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए।

"प्रभावितों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता"

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि विषम परिस्थितियों में शासन-प्रशासन प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है। बाढ़ प्रभावित लोगों की सुरक्षा और उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करते हुए राहत कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।

जिला प्रशासन लगातार कर रहा राहत कार्य

मुख्यमंत्री के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य लगातार संचालित किए जा रहे हैं। प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं का आकलन कर उन्हें भोजन, स्वास्थ्य सुविधा और अन्य जरूरी सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रशासन द्वारा स्थिति पर निरंतर नजर रखते हुए आवश्यकता के अनुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित

इस दौरान महापौर संजय पाण्डेय, नगर निगम के सभापति खेमसिंह देवांगन, बस्तर राज परिवार के सदस्य कमलचंद्र भंजदेव सहित अन्य जनप्रतिनिधि और कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह, आईजी बी. एन. मीणा, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


मुख्यमंत्री की माँ दंतेश्वरी एयरपोर्ट पर हुई अगवानी

प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सोमवार को बस्तर प्रवास पर आगमन के दौरान माँ दंतेश्वरी एयरपोर्ट जगदलपुर में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने अगवानी की। मुख्यमंत्री के साथ उनके प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह एवं सचिव राहुल भगत भी पहुंचे।

इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मंडावी, नगर निगम के सभापति खेमसिंह देवांगन, बस्तर राज परिवार के सदस्य कमलचंद्र भंजदेव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह, आईजी बी. एन. मीणा, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

📖 यह भी पढ़ें

basant dahiya

मेरा नाम बसंत दहिया है। मैं लगभग 20 वर्षों से प्रिंट मीडिया में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा हूं। इसी बीच मैंने बस्तर जिला व राजधानी रायपुर के प्रमुख समाचार पत्रों में अपनी सेवा देकर लोकहित एवं देशहित में कार्य किया है। वर्तमान की आवश्यकता के दृष्टिगत मैंने अपना स्वयं का न्यूज पोर्टल- समग्रविश्व अप्रेल 2024 से शुरू किया है जो जनहित एवं समाज कल्याण में सक्रिय है। इसमें आप सहयोगी बनें और मेरे न्यूज पोर्टल को सपोर्ट करें। "जय हिन्द, जय भारत"

Post a Comment

Previous Post Next Post