कोहकापाल घटना का पुलिस खुलासा: नरबली की बात असत्य, सोने का हंडा पाने की थी अंधविश्वासी योजना

कोहकापाल घटना में पुलिस का बड़ा खुलासा: नरबली की बात असत्य, अंधविश्वास में सोने का हंडा पाने की थी योजना, 2 आरोपी हिरासत में

कोहकापाल घटना में बस्तर पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए दो मुख्य आरोपी गोनसाय एवं लखीराम, थाना नगरनार में पुलिस की हिरासत में।
ग्राम कोहकापाल, थाना नगरनार (जिला बस्तर) की घटना में बस्तर पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए दो मुख्य आरोपी गोनसाय एवं लखीराम। पुलिस जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि नरबली देने का प्रयास अथवा नरबली की कोई योजना नहीं थी, बल्कि संबंधित व्यक्तियों द्वारा सोने का हंडा प्राप्त होने की अंधविश्वासपूर्ण धारणा के चलते किशोर बालक के साथ तंत्र-मंत्र संबंधी गतिविधि की गई थी। 
जगदलपुर, 1 अक्टूबर 2026 — ग्राम कोहकापाल, थाना नगरनार, जिला बस्तर में एक किशोर बालक को गलत तरीके से रोककर रखने तथा तंत्र-मंत्र से संबंधित गतिविधि किए जाने की घटना के संबंध में बस्तर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस द्वारा विगत दो दिनों से लगातार जांच एवं पूछताछ के बाद यह स्पष्ट हुआ है कि नरबली देने का प्रयास अथवा नरबली की कोई योजना नहीं थी। जांच में सामने आया कि संबंधित व्यक्तियों द्वारा सोने का हंडा प्राप्त होने की अंधविश्वासपूर्ण धारणा के चलते किशोर बालक के साथ तंत्र-मंत्र संबंधी गतिविधि की गई थी।

नरबली की बातें जांच में पुष्ट नहीं

पुलिस जांच में अब तक ऐसा कोई भी तथ्य सामने नहीं आया है जिससे यह प्रमाणित हो कि किशोर की नरबली देने का प्रयास किया गया था अथवा नरबली की कोई योजना थी। सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से प्रसारित हो रही नरबली संबंधी बातें जांच में पुष्ट नहीं हुई हैं।

इन धाराओं में हुई वैधानिक कार्रवाई

घटना को पुलिस द्वारा गंभीरता से लेते हुए थाना नगरनार में अपराध पंजीबद्ध किया गया है। प्रकरण में BNS की धारा 127(2), 137(2), 351(2) एवं 3(5) के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की गई है।

दो मुख्य आरोपी हिरासत में, पूजा करने वालों का नाम भी अपराध में शामिल

प्रकरण में अब तक दो मुख्य आरोपी गोनसाय एवं लखीराम को हिरासत में लिया गया है तथा जिन्होंने पूजा-पाठ किया, उनका नाम भी अपराध में जोड़ा गया है। आरोपियों से पूछताछ एवं अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा प्रकरण की विवेचना जारी है। जांच के दौरान यदि अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस की अपील — अफवाहों पर विश्वास न करें

पुलिस आमजन से अपील करती है कि घटना के संबंध में बिना सत्यापन के अफवाहों अथवा अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास न करें और न ही उन्हें सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से प्रसारित करें। पुलिस द्वारा मामले की निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक जांच की जा रही है तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

📖 यह भी पढ़ें

basant dahiya

मेरा नाम बसंत दहिया है। मैं लगभग 20 वर्षों से प्रिंट मीडिया में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा हूं। इसी बीच मैंने बस्तर जिला व राजधानी रायपुर के प्रमुख समाचार पत्रों में अपनी सेवा देकर लोकहित एवं देशहित में कार्य किया है। वर्तमान की आवश्यकता के दृष्टिगत मैंने अपना स्वयं का न्यूज पोर्टल- समग्रविश्व अप्रेल 2024 से शुरू किया है जो जनहित एवं समाज कल्याण में सक्रिय है। इसमें आप सहयोगी बनें और मेरे न्यूज पोर्टल को सपोर्ट करें। "जय हिन्द, जय भारत"

Post a Comment

Previous Post Next Post