जर्जर सड़क पर खानापूर्ति नहीं, गीदम–बीजापुर मार्ग का हो नवीन डामरीकरण: रजत दहिया
गीदम, 29 सितंबर 2026 — गीदम से बीजापुर जाने वाली सड़क, राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 63 तथा दंतेवाड़ा को जोड़ने वाले मार्ग की वर्तमान स्थिति अत्यंत जर्जर हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह इतने गहरे गड्ढे हैं कि यह समझना कठिन हो गया है कि "सड़क में गड्ढे हैं अथवा गड्ढों में सड़क"। इसके कारण प्रतिदिन आवागमन करने वाले राहगीरों, वाहन चालकों एवं यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है तथा दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी हुई है।पूर्व में हो चुका है आंदोलन
जिला कांग्रेस कमेटी के जिला सचिव रजत दहिया ने कहा कि सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर व्यापारी संघ एवं चालक संघ द्वारा पूर्व में आंदोलन भी किया जा चुका है। संगठनों ने प्रशासन को पांच दिवस का अल्टीमेटम देते हुए नवीन सड़क निर्माण की मांग की थी। इसके बावजूद स्थायी समाधान करने के बजाय वर्तमान में पुनः पिच वर्क के माध्यम से सड़क की मरम्मत की जा रही है।
"केवल खानापूर्ति की जा रही है"
रजत दहिया ने आरोप लगाया कि हाल ही में लगभग एक से दो सप्ताह पूर्व किए गए पिच वर्क की स्थिति भी अब अत्यंत खराब हो चुकी है। इसके बावजूद उसी प्रकार का दोबारा मरम्मत कार्य कराकर सड़क की वास्तविक समस्या का समाधान करने के बजाय केवल खानापूर्ति की जा रही है।
उन्होंने कहा कि सीमेंट, गिट्टी एवं अन्य सामग्री का उपयोग कर किए जा रहे ऐसे अस्थायी कार्य से जनता को स्थायी राहत नहीं मिल सकती। क्षेत्रवासियों को गुणवत्तापूर्ण एवं नवीन डामरीकृत सड़क की आवश्यकता है, ताकि उनका आवागमन सुरक्षित और सुगम हो सके।
नवरात्रि से पहले सुधार की मांग
उन्होंने कहा कि आगामी दिनों में नवरात्रि पर्व प्रारंभ होने वाला है। बस्तर की आराध्य देवी माता दंतेश्वरी के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु दंतेवाड़ा पहुंचते हैं। अनेक श्रद्धालु पदयात्रा करते हुए तथा अपनी मनोकामना पूर्ण होने पर विभिन्न धार्मिक आस्थाओं के साथ कठिन यात्रा कर माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे समय में सड़क की वर्तमान बदहाल स्थिति श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत कष्टदायक एवं जोखिमपूर्ण हो सकती है।
सरकार से की यह मांग
रजत दहिया ने सरकार एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि गीदम–बीजापुर मार्ग सहित दंतेवाड़ा से जुड़े इस महत्वपूर्ण मार्ग पर तत्काल गुणवत्तापूर्ण नवीन डामरीकरण कराया जाए। उन्होंने कहा कि नवरात्रि से पहले सड़क को आवागमन योग्य बनाने के लिए ठोस एवं स्थायी कदम उठाए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं, वाहन चालकों और आम नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
📖 यह भी पढ़ें
- 🏛️ SC आयोग अध्यक्ष रामलाल चौहान का दंतेवाड़ा प्रवास, समाज प्रमुखों ने रखी 16% आरक्षण सहित कई मांगें
- 🐘 पुराना मार्केट बचेली में उत्कल समाज ने धूमधाम से किया गणेश प्रतिमा का विसर्जन
- 🚁 CM विष्णुदेव साय ने बस्तर में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का लिया जायजा, हर परिवार को 10 हजार रुपए की मदद की घोषणा
- 🤱 सेवा संकल्प अभियान: दंतेवाड़ा में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम, आंगनबाड़ी दीदियों का हुआ सम्मान
- 🚩 वोट चोरी के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल: दंतेवाड़ा में पैदल मार्च, CEC का फूंका पुतला
