पुलिस स्मृति दिवस पर नारायणपुर पुलिस ने अमर शहीदों को दी श्रद्धांजलि, शहीद परिवारों का किया सम्मान
रक्षित केन्द्र नारायणपुर स्थित शहीद स्मारक में आयोजित हुआ श्रद्धांजलि कार्यक्रम, SP संदीप कुमार पटेल ने किया शहीदों के नामों का वाचन; कलेक्टर ने सुनीं शहीद परिवारों की समस्याएं
नारायणपुर, बस्तर | 21 अक्टूबर 2026: पुलिस बल के उन वीर जवानों के अद्वितीय बलिदान, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा की स्मृति में, जिन्होंने राष्ट्र एवं समाज की सुरक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर किए, प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। इसी क्रम में बुधवार को जिला नारायणपुर के रक्षित केन्द्र स्थित शहीद स्मारक प्रांगण में पुलिस स्मृति दिवस-2026 का आयोजन गरिमामय एवं श्रद्धापूर्ण वातावरण में किया गया।शहीदों के नामों का हुआ वाचन, दी गई सलामी
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक नारायणपुर संदीप कुमार पटेल द्वारा कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों के नामों का वाचन किया गया। तत्पश्चात सलामी दल द्वारा शहीद जवानों को सलामी अर्पित कर शोक संवेदना व्यक्त की गई। उपस्थित जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ अधिकारियों, शहीद परिवारों, मीडिया प्रतिनिधियों तथा पुलिस एवं केंद्रीय सशस्त्र बलों के अधिकारियों और जवानों ने शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर अमर वीरों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
शहीद परिवारों की समस्याएं सुनीं, दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
परेड के उपरांत कलेक्टर नारायणपुर श्रीमती नम्रता जैन एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने शहीद परिवारों से भेंट कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शहीद परिवारों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके पश्चात शहीद परिवारों को सम्मानित कर उनके त्याग एवं योगदान के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की गई।
शहीदों के शौर्य और साहस को किया गया नमन
पुलिस स्मृति दिवस का यह आयोजन कर्तव्य के प्रति समर्पित वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान को स्मरण करने तथा उनके शौर्य, साहस एवं राष्ट्रसेवा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। साथ ही, यह शहीद परिवारों के प्रति पुलिस विभाग की संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से नगर पालिका अध्यक्ष इंद्रप्रसाद बघेल, वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन देवांगन, एथलेटिक्स संघ अध्यक्ष गौतम गोलछा, कलेक्टर नारायणपुर श्रीमती नम्रता जैन, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल, 45वीं वाहिनी आईटीबीपी के कमांडेंट राजीव गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्य चंद्राकर, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस नारायणपुर अजय सिंह, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस छोटे डोंगर मनोज मण्डावी, उप पुलिस अधीक्षक आशीष नेताम, रक्षित निरीक्षक सोनू वर्मा, रक्षित निरीक्षक मो. मोहसिन खान, सूबेदार विक्रम सिंह, बीएसएफ एवं आईटीबीपी के अधिकारीगण, अन्य जनप्रतिनिधि, पुलिस अधिकारी-जवान, शहीद परिवारों के सदस्य तथा मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
