ISSN: 3139-9959 (Online)

पुलिस स्मृति दिवस: 227 बटालियन CRPF तोंगपाल में वीर शहीदों को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

पुलिस स्मृति दिवस: 227 बटालियन CRPF तोंगपाल (सुकमा) ने वीर शहीदों को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

हॉटस्प्रिंग के 10 अमर बलिदानियों सहित देशभर में शहीद हुए पुलिस एवं सशस्त्र बल के जवानों को किया गया नमन, जवानों ने लिया गौरव गाथा को आगे बढ़ाने का संकल्प

"शहीद जवानों की याद में आयोजित कार्यक्रम में पुष्पचक्र अर्पित करने के लिए कतारबद्ध होकर आगे बढ़ते हुए कमांडेंट।"
सुकमा: 227 बटालियन CRPF तोंगपाल में पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर वीर शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए पुष्पचक्र लेकर आगे बढ़ते हुए कमाण्डेंट गोपाल कुमार गुप्ता। — फोटो: 227 बटालियन CRPF
सुकमा, बस्तर | 21 अक्टूबर 2026: बुधवार को 227वीं वाहिनी, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), तोंगपाल (सुकमा) में कमाण्डेंट गोपाल कुमार गुप्ता के नेतृत्व में 'पुलिस स्मरण दिवस' (पुलिस झण्डा दिवस) का गरिमामय आयोजन किया गया। इस अवसर पर देश की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर पुलिस कर्मियों को स्मरण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

हॉटस्प्रिंग के अमर बलिदानियों को किया गया नमन

विदित हो कि 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉटस्प्रिंग (18,000 फीट की ऊँचाई और -47 डिग्री सेल्सियस तापमान वाले इलाके) में CRPF के पुलिस उप-अधीक्षक करम सिंह के नेतृत्व में 21 जवानों के एक गश्ती दल का चीनी सैनिकों के अचानक हमले का सामना हुआ था। इस भीषण संघर्ष में हमारे जवानों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए स्वचालित उन्नत हथियारों से लैस चीनी फौज का डटकर मुकाबला किया। मातृभूमि की रक्षा के लिए इस ऐतिहासिक लड़ाई में सी.आर.पी.एफ. के 10 शूरवीर जवान वीरगति को प्राप्त हुए थे। जनवरी 1960 में लिए गए महत्वपूर्ण संकल्प के बाद से, हॉटस्प्रिंग के इन अमर बलिदानियों और ड्यूटी पर जान गंवाने वाले सभी जवानों के सम्मान में हर वर्ष 21 अक्टूबर को पूरे देश में 'पुलिस स्मृति दिवस' के रूप में मनाया जाता है।

शहीद जवानों के नाम पढ़कर सुनाए गए

कार्यक्रम के दौरान कमाण्डेंट गोपाल कुमार गुप्ता, उपस्थित अधिकारीगण, अधीनस्थ अधिकारी एवं जवानों ने हॉटस्प्रिंग के उन 10 अमर बलिदानियों—सिपाही शिवनाथ प्रसाद, सिपाही धर्म सिंह, सिपाही स्वर्ण सिंह, सिपाही पुरण सिंह, सिपाही नारुख लामा, सिपाही बैरागज मल, सिपाही मक्खन लाल, सिपाही ईमान सिंह, सिपाही तेजशिरंग बोखु नारुख, सिपाही हंगजीत सुब्बा—के अदम्य साहस को नमन किया। इस दौरान पिछले एक वर्ष में देशभर में शहीद हुए पुलिस और सशस्त्र बल के कार्मिकों के नाम भी पढ़कर सुनाए गए और ईश्वर से उनकी आत्मा को चिर शांति प्रदान करने की प्रार्थना की गई।

गौरव गाथा को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प

श्रद्धांजलि सभा के अंत में 227 बटालियन के सभी अधिकारियों और जवानों ने एक स्वर में यह संकल्प लिया कि "हम सभी भी यह संकल्प लें कि अपने इस महान बल की महान गौरव गाथा को सदा याद रखेंगे और इसके गौरव को आगे बढ़ाने हेतु प्रयासरत रहेंगे"। इस अवसर पर डॉ. विशाल मलहोत्रा (सी.एम.ओ./एस.जी.), शशि कान्त राय (उप कमाण्डेंट), आशुतोष कुमार (सहायक कमाण्डेंट), याम खोमांग होकिप (सहायक कमांडेंट/मंत्रालय) व अधीनस्थ अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।


basant dahiya

मेरा नाम बसंत दहिया है। मैं लगभग 20 वर्षों से प्रिंट मीडिया में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा हूं। इसी बीच मैंने बस्तर जिला व राजधानी रायपुर के प्रमुख समाचार पत्रों में अपनी सेवा देकर लोकहित एवं देशहित में कार्य किया है। वर्तमान की आवश्यकता के दृष्टिगत मैंने अपना स्वयं का न्यूज पोर्टल- समग्रविश्व अप्रेल 2024 से शुरू किया है जो जनहित एवं समाज कल्याण में सक्रिय है। इसमें आप सहयोगी बनें और मेरे न्यूज पोर्टल को सपोर्ट करें। "जय हिन्द, जय भारत"

Post a Comment

Previous Post Next Post