कंप्यूटर बेस्ड टीईटी परीक्षा किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं, शिक्षक संगठन का सरकार को अल्टीमेटम
| छत्तीसगढ़ जागरूक शिक्षक संघ के प्रांताध्यक्ष जाकेश साहू |
रायपुर। टेट परीक्षा के संबंध में छत्तीसगढ़ जागरूक शिक्षक संघ के प्रांताध्यक्ष जाकेश साहू ने स्पष्ट रूप से कहा है कि कंप्यूटर बेस्ड टीईटी परीक्षा किसी भी स्थिति में मंजूर नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 60% से अधिक शिक्षक कंप्यूटर सीखे ही नहीं हैं और उन्हें कंप्यूटर का एबीसीडी नहीं आता। ऐसी स्थिति में कंप्यूटर से परीक्षा कैसे दी जा सकती है, यह सवाल संगठन ने उठाया है।
मंत्रालय के अधिकारी बंद कमरे में नियम न बनाएं — जाकेश साहू
संगठन ने साफ-साफ कहा है कि मंत्रालय में बैठे अधिकारी ऐसी रूम में बैठकर कोई भी नियम लागू न करें। प्रदेश स्तर पर किसी भी प्रकार का नियम या गाइडलाइन लागू करने से पहले सरकार को प्रदेश के समस्त शिक्षक संगठनों की बैठक आयोजित कर उनसे सुझाव लेना चाहिए। कौन सा कार्य कैसे किया जाना है, सुझाव के आधार पर ही कोई भी कार्यक्रम लागू किया जाना चाहिए।
सरकार ने नहीं लिया किसी शिक्षक संगठन का सुझाव
जाकेश साहू ने कहा कि टेट के मामले में देखा जा रहा है कि सरकार द्वारा किसी भी शिक्षक संगठन से कोई सुझाव नहीं लिया गया है और मनमाने तरीके से कंप्यूटर बेस्ड परीक्षा की बात कही जा रही है, जो कतई मंजूर नहीं है।
"कोई शिक्षक फॉर्म नहीं भरेगा, परीक्षा का बहिष्कार होगा"
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार इस नियम में बदलाव नहीं करती है, तो प्रदेश का कोई भी शिक्षक इसका फॉर्म नहीं भरेगा। बल्कि उक्त परीक्षा का बहिष्कार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री से मांग
प्रदेशाध्यक्ष जाकेश साहू ने प्रदेश के मुख्यमंत्री, शिक्षामंत्री एवं राज्य सरकार से मांग की है कि टीईटी के संबंध में प्रदेश के समस्त शिक्षक संगठनों की शीघ्र बैठक आयोजित कर सबसे सुझाव लिया जाए और सुझाव के आधार पर ही ऑफलाइन परीक्षा आयोजित की जाए।
