जगदलपुर में देशी कट्टा लहराकर लोगों को डराने वाला आरोपी गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई

कोतवाली पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराकर लोगों को डराने वाले आरोपी को किया गिरफ्तार

कोतवाली पुलिस द्वारा लालबाग मैदान, सन सिटी मोड़ के पास देशी कट्टा लहराकर लोगों को डराने वाले आरोपी अजय राजपूत को गिरफ्तार कर पुलिस के साथ खड़ा हुआ।
कोतवाली पुलिस द्वारा लालबाग मैदान, सन सिटी मोड़ के पास देशी कट्टा एवं जिंदा कारतूस लहराकर आम नागरिकों को भयभीत करने वाले आरोपी पुलिस के साथ।

जगदलपुर, 23 सितंबर 2026 — बस्तर पुलिस द्वारा आपराधिक तत्वों एवं गुंडा-बदमाशों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कोतवाली पुलिस ने लालबाग मैदान, सन सिटी मोड़ के पास देशी कट्टा एवं जिंदा कारतूस लहराकर आम नागरिकों को भयभीत करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे तथा साइबर प्रभारी चंद्रहास सिंह के पर्यवेक्षण में की गई।

कैसे हुई कार्रवाई?

कोतवाली पुलिस द्वारा आरोपी अजय राजपूत के कब्जे से बरामद किया गया देशी कट्टा एवं जिंदा कारतूस।
कोतवाली पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से एक देशी कट्टा एवं एक जिंदा कारतूस बरामद कर विधिवत जब्त किया गया।
पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि लालबाग मैदान, सन सिटी मोड़ के पास एक व्यक्ति हाथ में देशी कट्टा लेकर उसे लहराते हुए आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना पर कोतवाली पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी अजय राजपूत, उम्र 29 वर्ष, निवासी महाराणा प्रताप वार्ड क्रमांक 47, नया नाका, जगदलपुर को मौके से पकड़ा। आरोपी के कब्जे से एक देशी कट्टा एवं एक जिंदा कारतूस बरामद कर विधिवत जब्त किया गया।

शहर में बढ़ रही आपराधिक घटनाएं

गौरतलब है कि इन दिनों जगदलपुर में आपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। दो-तीन दिन पूर्व ही नयाबस स्टैंड शराब दुकान के पास एक युवक की चाकू से हत्या कर दी गई थी, जिससे शहर के आम नागरिकों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है।

इसके अलावा यह भी जानकारी सामने आई है कि शहर में अपराधियों का एक सिंडिकेट सक्रिय है, जो सेठ-साहूकारों एवं भूमाफिया के इशारे पर अलग-अलग लेयर में काम करता है। बताया जाता है कि यह सिंडिकेट लोगों की रेकी करता है, उन्हें परेशान करता है, दुर्घटनाओं को अंजाम देता है तथा अप्रत्यक्ष रूप से डराने-धमकाने का काम करता है।

जानकारी के अनुसार, इस काम में मोडिफाइड साइलेंसर वाले बाइकर तथा भारी वाहन एवं मालवाहक वाहन भी इस्तेमाल किए जाते हैं। बताया जाता है कि जिस व्यक्ति की रेकी की जाती है या जिसे परेशान किया जाता है, उसके पास या उसके रास्ते में हाइवा या अन्य भारी वाहन लाकर खड़ा कर दिया जाता है, जिससे वह व्यक्ति मानसिक रूप से डरा-धमका रहे और कोई कार्रवाई न कर सके। पुलिस स्तर पर इस सिंडिकेट की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

पुलिस का स्पष्ट संदेश

बस्तर पुलिस द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर हथियारों का प्रदर्शन कर आम नागरिकों में भय उत्पन्न करने वाले तथा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त एवं निरंतर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि सार्वजनिक स्थान पर हथियार का प्रदर्शन कर आम नागरिकों को डराने-धमकाने अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई में इनकी रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में निरीक्षक लीलाधर राठौर, उनि. अरुण मरकाम, अमित सिदार, प्रमोद ठाकुर, प्रउनि. कमलेश प्रजापति, राहुल कुमार यादव, शकुंतला, प्र.आर. धर्मेंद्र कंवर तथा आरक्षक कृष्णा नेताम, मंहगू कश्यप, अमर बेसरा, महेंद्र पटेल, तरुण यादव, वरुण ठाकुर, तामेश्वर चंद्राकर, हरीश, बंसीलाल एवं रंगलाल खरे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

📖 यह भी पढ़ें

basant dahiya

मेरा नाम बसंत दहिया है। मैं लगभग 20 वर्षों से प्रिंट मीडिया में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा हूं। इसी बीच मैंने बस्तर जिला व राजधानी रायपुर के प्रमुख समाचार पत्रों में अपनी सेवा देकर लोकहित एवं देशहित में कार्य किया है। वर्तमान की आवश्यकता के दृष्टिगत मैंने अपना स्वयं का न्यूज पोर्टल- समग्रविश्व अप्रेल 2024 से शुरू किया है जो जनहित एवं समाज कल्याण में सक्रिय है। इसमें आप सहयोगी बनें और मेरे न्यूज पोर्टल को सपोर्ट करें। "जय हिन्द, जय भारत"

Post a Comment

Previous Post Next Post