शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय में 80वां स्वतंत्रता दिवस मना, कुलपति प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने विकसित भारत के सपने को पूरा करने का दिया संदेश
जगदलपुर। शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। अपने शुभकामना संदेश में कुलपति प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि देश को पराधीनता से मुक्ति दिलाने के आंदोलन में बस्तर के वीरों का योगदान सर्वोपरि एवं चिरस्मरणीय है।कुलपति का विकसित भारत का दृष्टिकोण
प्रो. श्रीवास्तव ने कहा कि 2047 तक देश को विकसित भारत बनाने के सपने को पूरा करने के लिए ह्यूमन कैपिटल (मानव संसाधन) का ट्रांसफॉर्मेशन जरूरी है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना महज एक आर्थिक लक्ष्य नहीं है, बल्कि किसान से लेकर हर नागरिक को समृद्ध करने के प्रयास करने होंगे। उन्होंने अच्छे स्वास्थ्य, शिक्षा, स्किल, उद्यमिता और रोजगार तक सबकी पहुंच बनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वर्केबल मॉडल बनाने के लिए आईटी, एआई जैसी आधुनिक तकनीकों के साथ एडवांस इंफ्रास्ट्रक्चर की ओर देश को ले जाना होगा। शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय ने इस उद्देश्य के लिए कई पहल और प्रयास किए हैं।
पूर्व अधिकारियों को किया गया सम्मान
इस मौके पर विश्वविद्यालय ने स्वतंत्रता दिवस पर अपने पूर्व अधिकारी व कर्मचारियों को सम्मानित करने की नई शुरुआत की, जिन्होंने अपनी कार्यकुशलता और कर्तव्यनिष्ठा से विश्वविद्यालय के विकास में अमूल्य योगदान दिया है। कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व कुलसचिव प्रो. एस.पी. तिवारी एवं पूर्व वर्ग एक कर्मचारी दुष्यंत मेश्राम का विश्वविद्यालय की ओर से प्रशस्ति पत्र, शाल और श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम व विद्यार्थियों के विचार
ध्वजारोहण, राष्ट्रगीत व राष्ट्रगान गायन और अतिथि संबोधन के बाद विद्यार्थियों ने देशभक्ति से युक्त कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। भागीरथी व आदित्य कुमार वैष्णव सहित कई विद्यार्थियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और स्वतंत्रता के मायने पर अपने ओजस्वी विचार रखे।
प्रभारी कुलसचिव का आभार उद्बोधन
प्रभारी कुलसचिव डॉ. अभिषेक अवस्थी ने अपने आभार उद्बोधन में युवाओं से विकसित भारत के सपनों को पूरा करने में योगदान देने आगे आने की अपील की।
उपस्थित गणमान्य व्यक्ति
इस अवसर पर वरिष्ठ प्रो. डॉ. एस. नेमा, प्रो. एस.के. कोले, प्रो. एम.एस. मिश्रा, डॉ. वी.के. सोनी, डॉ. सुकृता तिर्की, डॉ. सजीवन कुमार, डॉ. समीर ठाकुर सहित अन्य शिक्षकगण, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित थे।
- बचेली नगर पालिका में स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मना, अध्यक्ष राजू जयसवाल ने किया ध्वजारोहण
- जिला न्यायालय परिसर जगदलपुर में हर्षोल्लास के साथ मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, प्रधान न्यायाधीश ने किया ध्वजारोहण
- बस्तर पुलिस ने किया 'साइबर जागृति अभियान' का शुभारंभ, 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चलेगा सात सप्ताह का अभियान
- बस्तर क्रिएटर हब स्टूडियो का शुभारंभ, युवाओं को मिलेगा डिजिटल मंच
- बस्तर में 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मना, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ली परेड की सलामी
