बस्तर क्रिएटर हब स्टूडियो का शुभारंभ: उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने युवाओं को डिजिटल मंच देने की दिशा में की पहल
जगदलपुर। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने जगदलपुर स्थित लाला जगदलपुरी ग्रंथालय परिसर में बस्तर क्रिएटर हब स्टूडियो का शुभारंभ किया। आधुनिक तकनीकों से सुसज्जित यह क्रिएटर हब बस्तर के युवाओं, नवाचारी लोगों और स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी रचनात्मकता एवं विचारों को व्यापक मंच तक पहुंचाने का अवसर प्रदान करेगा।
उप मुख्यमंत्री ने किया स्टूडियो का निरीक्षण
शुभारंभ के अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने क्रिएटर हब की विभिन्न सुविधाओं का अवलोकन किया और यहां उपलब्ध आधुनिक तकनीकी संसाधनों की जानकारी ली। उन्होंने युवाओं को डिजिटल माध्यमों से अपनी प्रतिभा को सामने लाने और बस्तर की कला, संस्कृति, परंपरा, पर्यटन एवं विकास की सकारात्मक तस्वीर देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए प्रोत्साहित किया।
पहले पॉडकास्ट में उप मुख्यमंत्री का इंटरव्यू
बस्तर क्रिएटर हब के शुभारंभ के साथ ही इसके पहले पॉडकास्ट में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा का इंटरव्यू रिकॉर्ड किया गया। उन्होंने बस्तर के विकास, युवाओं की भूमिका और नई तकनीकों के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को अवसर उपलब्ध कराने सहित विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा किए।
बस्तर के युवाओं के लिए वरदान
यह क्रिएटर हब बस्तर के युवाओं को कंटेंट निर्माण, पॉडकास्ट, वीडियो, डिजिटल मीडिया और अन्य रचनात्मक गतिविधियों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से स्थानीय युवा अपने विचारों, अनुभवों और नवाचारों को बेहतर तरीके से प्रस्तुत कर सकेंगे। बस्तर की प्रतिभाओं को मंच देने और स्थानीय विषयों को वैश्विक स्तर तक पहुंचाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित होने की उम्मीद है।
गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति
इस अवसर पर महापौर संजय पाण्डेय, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष दिनेश कश्यप, कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी बद्रीनारायण मीणा, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा, जिला पंचायत सीईओ तन्मय खन्ना, सहायक कलेक्टर यशवंत नाईक सहित जिला प्रशासन, पुलिस, शिक्षा विभाग एवं क्रिएटर हब से जुड़े अधिकारी उपस्थित रहे।
- बचेली नगर पालिका में स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मना, अध्यक्ष राजू जयसवाल ने किया ध्वजारोहण
- जिला न्यायालय परिसर जगदलपुर में हर्षोल्लास के साथ मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, प्रधान न्यायाधीश ने किया ध्वजारोहण
- बस्तर पुलिस ने किया 'साइबर जागृति अभियान' का शुभारंभ, 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चलेगा सात सप्ताह का अभियान
- बस्तर क्रिएटर हब स्टूडियो का शुभारंभ, युवाओं को मिलेगा डिजिटल मंच
- बस्तर में 80वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मना, उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ली परेड की सलामी
