बस्तर बाढ़: 448 पीड़ितों को मिली मदद, अभी भी 178 शिविरों में

 

बस्तर बाढ़: 448 पीड़ितों को मिली मदद, अभी भी 178 शिविरों में

जगदलपुर, 28 अगस्त 2025

मुख्य बिंदु: बस्तर जिले में बाढ़ से 5 लोगों की मौत, 448 बाढ़ पीड़ितों को राहत शिविरों में मदद मिली। सांसद महेश कश्यप ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और मदद का आश्वासन दिया।

बाढ़ का पानी उतरने लगा, पटरी पर लौट रहा जनजीवन

सोमवार रात से लगातार हो रही बारिश के कारण जहां पूरे जिले में सामान्य जनजीवन प्रभावित हो गया था, जो अब बाढ़ का पानी उतरने के साथ ही पटरी पर लौट रही है। वहीं बाढ़ पीड़ितों को राहत पहुंचाने में पूरा शासन-प्रशासन जुट गया। बस्तर जिले में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की पहचान कर कलेक्टर हरिस एस के मार्गदर्शन में आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं।

राहत एवं बचाव दल द्वारा बाढ़ पीड़ितों को तत्काल बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से निकालने का कार्य किया गया। राज्य आपदा मोचन बल के जवानों ने 65 लोगों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों से सुरक्षित निकाला था। साथ ही 6 बाढ़ पीड़ितों को निकालने के लिए भारतीय वायु सेना के हेलिकॉप्टर की सहायता भी ली गई।

जिले में सात स्थानों में खोले गए राहत शिविर 

सोमवार को रात से हो रही लगातार बारिश के बाद निर्मित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा जिले में सात स्थानों में राहत शिविर खोले गए और यहां बाढ़ पीड़ितों को ठहरने सहित आवास, भोजन तथा चिकित्सा जैसी अत्यावश्यक सेवाएं प्रदान की गई।

बुधवार को बाढ़ का पानी उतरने के साथ ही बाढ़ प्रभावित अपने घरों की ओर रवाना हो रहे हैं। वहीं बुधवार को भी जिला प्रशासन द्वारा स्थापित राहत शिविरों में 178 बाढ़ पीड़ित रुके हुए हैं।

मकान गिरने से हुई एक की मौत

बस्तर जिले में हुई इस अतिवृष्टि से तहसील बास्तानार क्षेत्रांतर्गत ग्राम सांवगेल, बीजापारा, बास्तानार में रात को मकान गिरने से एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है तथा तहसील दरभा अंतर्गत कुटुमसर से दरभा जाने का रास्ता कांगेर घाटी नाला में नाला पार करते समय तेज बहाव से कार सवार चार लोगों का निधन हो गया है।

वर्तमान में शासन-प्रशासन द्वारा अतिवृष्टि से हुई क्षति की जानकारी प्राप्त करने हेतु तेजी से सर्वेक्षण का कार्य किया जा रहा है। साथ ही क्षतिग्रस्त सड़क एवं पुल-पुलिया का मरम्मत कार्य शुरू किया गया है।

सांसद ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया

बस्तर सांसद महेश कश्यप ने लगातार हो रही बारिश के बीच बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और प्रभावित लोगों से मुलाकात की।

जिले में हाल ही में हुई अतिवृष्टि से लोहण्डीगुड़ा ब्लॉक अंर्तगत प्रभावित ग्राम मांदर का बुधवार को सांसद  महेश कश्यप ने सीईओ जिला पंचायत प्रतीक जैन और जिला प्रशासन के अन्य अधिकारियों के साथ निरीक्षण किया। सांसद व अधिकारियों ने गांव का दौरा कर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं जानी।

सांसद महेश कश्यप ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि आपदा की इस घड़ी में सरकार और प्रशासन पूरी तरह उनके साथ खड़ा है। शासन द्वारा उन्हें हरसंभव मदद दी जाएगी।

बस्तर बाढ़: प्रमुख आंकड़े

जनहानि: 5
पुल/पुलिया क्षति: 7
राहत शिविर/लोग: 6/448
एयरलिफ्ट किए गए: 6
नाव से निकाले गए: 67
मकान क्षति: 160 (आंशिक 141, पूर्ण 19)
पशु हानि: 2
प्रभावित ग्राम: 11

इस दौरान सीईओ जिला पंचायत प्रतीक जैन ने लोहण्डीगुड़ा ब्लॉक में अतिवर्षा से हुई क्षति का जायजा लिया और प्रभावितों से भेंटकर उन्हें हरसम्भव मदद करने का भरोसा दिलाया। वहीं उपस्थित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के द्वारा अतिवर्षा से हुई क्षति का आंकलन कराया जा रहा है और बहुत जल्द प्रभावित परिवारों को मुआवजे की राशि उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही अन्य सहायता प्रदान करने के लिए पहल किया जाएगा।

जनहानी पर दी आर्थिक सहायता

सोमवार की रात बास्तानार के ग्राम सावगेल निवासी की अतिवृष्टि से मकान गिरने से दबकर मौत हो गई थी। उनकी पत्नी चैती को 25 हजार रुपए की तात्कालिक आर्थिक सहायता दी गई। कलेक्टार हरिश एस के मार्गदर्शन में एसडीएम शंकर सिन्हा आर्थिक सहायता पहुंचाने पीड़त परिवार के घर पहुंचे थे।

basant dahiya

हमारा नाम बसंत दहिया है। हम पिछले 20 वर्षों से प्रिंट मीडिया में सक्रिय हैं। इस दौरान हमने अपने जिला व राजधानी रायपुर में प्रमुख बड़े समाचार पत्रों के साथ जुड़कर काम किया। अप्रेल 2024 से हमने अपना न्यूज पोर्टल समग्रविश्व की शुरूआत की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post