महापौर के रूप में ली संजय पांडेय ने शपथ, उप मुख्यमंत्री अरूण साव के साथ मंत्री व विधायक भी रहे मौजूद
जगदलपुर। शनिवार को शहर के नये महापौर व भाजपा के विजयी पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। दंतेश्वरी मंदिर प्रांगण में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरूण साव एवं अध्यक्ष के रूप में जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव मौजूद थे। विशिष्ट अतिथि मंत्री केदार कश्यप थे। जिला कलेक्टर हरिश एस ने महापौर संजय पांडेय व सभी पार्षदों को शपथ दिलाई। इससे पूर्व सनातनी परंपरा से शपथ ग्रहण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसमें शंख की ध्वनि के साथ पुजारियों ने वैदिक मंत्रों का पाठ किया। नवनिर्वाचित महापौर ने अतिथियों को साफा व गजमाला पहनाकर स्वागत किया।
इस बीच निवर्तमान महापौर सफीरा साहू ने महापौर संजय पांडेय को नगर निगम की चाभी सौंपी। मारोह के आयोजन के लिए प्रशासन पूरी तरह से मुस्तैद था। समारोह स्थल पूरी तरह भरा हुआ था। इसमें भाजपा कार्यकर्ता, समस्त पार्षद उनके सहयोगी, गणमान्य नागरिक और सभी समाज प्रमुखों ने भी अपनी उपस्थिति दी।इस अवसर पर उप मुख्यमत्री अरूण साव ने अपने उद्बोधन में कहा कि नवनिर्वाचित महापौर व पार्षद जगदलपुर अटल विश्वास पत्र में किए गए सभी वादों को पूरा करेंगे। शहर को स्वच्छ और सुविधापूर्ण बनाने की दिशा में कार्य करेंगे। राज्य सरकार के द्वारा हर संभव सहायता शहर विकास के लिए दी जाएगी। उन्होंने महापौर संजय पांडेय की सराहना करते कहा कि वे उन्हें 1990 से वे लगातार पार्टी के प्रति समर्पित हैं। उनके अनुभवों का निश्चित रूप से जनता व शहर को लाभ मिलेगा।
वनमंत्री केदार कश्यप ने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य व शहर के यातायात के लिए कार्ययोजना बनाकर कार्य किया जाएगा। जगदलपुर शहर को विकसित किए जाने के लिए 82 करोड़
रुपए स्वीकृत किए गए हैं इससे आधारभूत संरचना का विकास किया जाएगा। आगामी 50 वर्षों
के लिए शहर की जरूरतों को ध्यान में रखकर पहल किए जाने की बात उन्होंने कही।
जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव ने कहा कि नगर निगम में बिना किसी भेदभाव की राजनीति होनी चाहिए। जनता के विश्वास में सभी जनप्रतिनिधि खरे उतरेंेगे। उन्होंने बताया कि नगरीय निकाय मंत्री ने विगत डेढ़ वर्ष में उन्होंने क्षेत्र के लिए जो भी मांग की उसे पूरा किया है। अब तक 82 करेाड़ रुपए विकास कार्यों की स्वीकृति मिली है।
शपथ के बाद जगदलपुर के पांचवे महापौर बने संजय पांडेय ने कहा कि वे शहर के विकास
के लिए काम करेंगे। नगर निगम को नए सिरे से संवारना हमारी प्राथमिकता होगी। चुनाव से पूर्व किए गए सारे वादों को पूरा करने की बात उन्होंने शहरवासियों के सामने दोहराई है।