बचेली में मिले अज्ञात महिला के शव की 4 दिन बाद हुई पहचान, पुलिस के प्रयास से सुलझा मामला

बचेली में मिले अज्ञात महिला के शव की 4 दिन बाद हुई पहचान, पुलिस के प्रयास से सुलझा मामला

बचेली। थाना बचेली क्षेत्र में सिम्प्लेक्स नाला से बरामद अज्ञात महिला के शव की पहचान चार दिनों की लगातार तलाश और जांच के बाद हो गई है। पुलिस ने मृतका की पहचान ग्राम नेरली माहरापारा निवासी कमली कुंजाम के रूप में की है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 30 मई को पुलिस को सूचना मिली कि लुनिया खदान के पास नेरली जाने वाले पगडंडी मार्ग के नीचे स्थित सिम्प्लेक्स नाला में एक अज्ञात महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही बचेली पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक गौरव राय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकुमार बर्मन तथा एसडीओपी किरंदुल कमलजीत पाटले के मार्गदर्शन में अज्ञात महिला की पहचान के लिए विशेष प्रयास किए गए। आसपास के गांवों में फोटो दिखाकर पूछताछ की गई।

जांच के दौरान 3 जून को पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम नेरली माहरापारा निवासी बिज्जा कुंजाम अपनी पत्नी की पिछले एक सप्ताह से तलाश कर रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस ने बिज्जा कुंजाम को थाना बुलाकर पूछताछ की। इसके बाद शव के कपड़ों, हाथों में पहनी चूड़ियों तथा शारीरिक बनावट के आधार पर उसने मृतका की पहचान अपनी पत्नी कमली कुंजाम के रूप में की।

शराब सेवन के बाद बिछड़ गए थे पति-पत्नी

पुलिस पूछताछ में मृतका के पति बिज्जा कुंजाम ने बताया कि वह और उसकी पत्नी बचेली बाजार आए थे, जहां दोनों ने शराब का सेवन किया। नशे की हालत में दोनों एक-दूसरे से बिछड़ गए। बिज्जा कुंजाम अपने घर नेरली लौट गया, लेकिन उसकी पत्नी घर नहीं पहुंची। तब से वह लगातार उसकी तलाश कर रहा था।

प्रारंभिक जांच में यह संभावना जताई गई है कि अत्यधिक नशे की स्थिति में नाला पार करते समय कमली कुंजाम पानी में गिर गई होगी और बाहर नहीं निकल पाने के कारण उसकी डूबने से मृत्यु हो गई।

पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका

अज्ञात शव की पहचान कराने और मामले को सुलझाने में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रहलाद कुमार साहू के नेतृत्व में उप निरीक्षक लोचन प्रसाद पैकरा, उप निरीक्षक रामकुमार जैन, प्रधान आरक्षक मेहतुराम कोर्राम, डीएसएफ आरक्षक आशाराम इस्ताम तथा अन्य थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि लगातार प्रयास और स्थानीय स्तर पर की गई खोजबीन के कारण ही मृतका की पहचान संभव हो सकी।

यह भी पढ़ें:
विश्व पर्यावरण दिवस पर जगदलपुर में विशेष पर्यावरण कार्यक्रम, सूखे वृक्षों पर पेंटिंग से दिया जा रहा जागरूकता संदेश

basant dahiya

मेरा नाम बसंत दहिया है। मैं लगभग 20 वर्षों से प्रिंट मीडिया में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा हूं। इसी बीच मैंने बस्तर जिला व राजधानी रायपुर के प्रमुख समाचार पत्रों में अपनी सेवा देकर लोकहित एवं देशहित में कार्य किया है। वर्तमान की आवश्यकता के दृष्टिगत मैंने अपना स्वयं का न्यूज पोर्टल- समग्रविश्व अप्रेल 2024 से शुरू किया है जो जनहित एवं समाज कल्याण में सक्रिय है। इसमें आप सहयोगी बनें और मेरे न्यूज पोर्टल को सपोर्ट करें। "जय हिन्द, जय भारत"

Post a Comment

Previous Post Next Post