भगवान बिरसा की प्रेरणा से विवि में शुरू हुई सामुदायिक खेती! सांसद महेश कश्यप ने की सराहना, बोले— अच्छा किसान बनकर भी विकसित भारत में दे सकते हैं योगदान
शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय में सामुदायिक खेती केंद्र की अनुकरणीय शुरुआत, कुलपति मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा— यह सामूहिकता का संदेश देगा
जगदलपुर, बस्तर | 28 अक्टूबर 2026: भगवान बिरसा मुंडा के विचारों से प्रेरणा लेते हुए शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय में सामुदायिक खेती केंद्र की अनुकरणीय शुरुआत की गई है। मंगलवार को शुभारंभ कार्यक्रम में सांसद महेश कश्यप की उपस्थिति रही। इस अवसर पर कश्यप ने सामुदायिक खेती के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि एक अच्छा किसान बनकर भी विकसित भारत के सपने में अपना योगदान दे सकते हैं। सामुदायिक खेती से अच्छे किसान बनने की प्रेरणा और सहयोग मिलेगा।निःस्वार्थ भावना और लगन से काम करने की अपील
कश्यप ने उपस्थित विद्यार्थियों और कर्मचारियों से निःस्वार्थ भावना और लगन से काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि कोई काम छोटा नहीं होता। हम सभी को भगवान बिरसा के चित्र के साथ उनके चरित्र की भी पूजा करनी है। कश्यप ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार के विरासत के साथ विकास के प्रयासों में भागीदारी देना हम सबकी जिम्मेदारी है।
सामूहिकता का संदेश देती है सामुदायिक खेती
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कुलपति मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि भगवान बिरसा ने सामुदायिक खेती (खूंटकट्टी व्यवस्था) करने की अपील कर सामूहिकता का संदेश दिया था। संसाधनों को बांटकर अकाल जैसी आपदा का सामना करने की राह दिखाई थी। भगवान बिरसा ने प्रकृति पर किसी एक व्यक्ति या संस्था के अधिकार का विरोध किया था। प्रो. श्रीवास्तव ने कहा कि विवि के कर्मचारी इस सामुदायिक खेती के माध्यम से समाज में सद्भावना और सामूहिकता का संदेश दे सकेंगे।
'छोटा सा स्टार्टअप' है यह पहल
आभार उद्बोधन में कुलसचिव शैलेंद्र पटेल ने कहा कि विवि के कर्मचारियों का यह एक छोटा सा स्टार्टअप है। यह आगे बड़े सामूहिक कार्य करने की प्रेरणा देगा। विद्यार्थी भी इस पहल से सीखेंगे।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम का संचालन प्रेमजीत निराला ने किया। विवि के इस प्रयास में अतिथियों द्वारा पौधरोपण किया गया। इस अवसर पर प्रो. शरद नेमा, डॉ. सजीवन कुमार, सहायक कुलसचिव देवचरण गावड़े, सौरभ शर्मा, डॉ. विनोद कुमार सोनी, डॉ. मणिशंकर मिश्रा, सुकृता तिर्की, डॉ. अभिषेक अवस्थी, डॉ. भुनेश्वर लाल साहू, विजय भारत सहित प्राध्यापक, अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी, अतिथि व्याख्याता एवं दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
📰 यह भी पढ़ें:
- "नशा मुक्त युवा–विकसित भारत" अभियान: परंपरागत खेल दिवस और नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
- पोटानार के किसानों को मिली 'आधुनिक खेती' की नई सीख! छात्रों ने नुक्कड़ नाटक से दिया जागरूकता का संदेश
- इस दिवाली बस्तर के गांवों से जुड़ेगा त्योहार! CM विष्णु देव साय ने लॉन्च किया 'छत्तीसगढ़ हर्बल्स' गिफ्ट पैक
