ISSN: 3139-9959 (Online)

नशा मुक्त युवा–विकसित भारत अभियान: जगदलपुर में परंपरागत खेल दिवस, 200 विद्यार्थियों ने ली नशामुक्ति की शपथ

"नशा मुक्त युवा–विकसित भारत" अभियान: परंपरागत खेल दिवस और नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

ग्राम घटपदमुर में गिल्ली-डंडा और खो-खो खेले गए, धरमपुर स्कूल में 200 विद्यार्थियों ने ली नशामुक्ति की शपथ; स्वदेशी मेले में महापौर ने हजारों लोगों को दिलाई सामूहिक शपथ

"जगदलपुर के लालबाग मैदान स्थित स्वदेशी मेले में नशा मुक्त युवा विकसित भारत अभियान के तहत महापौर संजय पांडे द्वारा हजारों लोगों को नशामुक्ति की सामूहिक शपथ दिलाते हुए"
जगदलपुर: "नशा मुक्त युवा–विकसित भारत" अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में नशामुक्ति की शपथ दिलाते हुए महापौर संजय पांडे, साथ में NSS स्वयंसेवक एवं विद्यार्थी। — फोटो: NSS शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय
जगदलपुर, बस्तर | 24 अक्टूबर 2026: राष्ट्रीय सेवा योजना, शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय, बस्तर द्वारा शुक्रवार को "नशा मुक्त युवा–विकसित भारत" अभियान के अंतर्गत परंपरागत खेल दिवस एवं नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम तीन चरणों में ग्राम घाटपदमुर, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धरमपुर नंबर-3 तथा लालबाग मैदान में आयोजित स्वदेशी मेले में संपन्न हुआ।

ग्राम घटपदमुर में पारंपरिक खेलों की धूम

ग्राम घटपदमुर में विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने राम-रावण खेल, "कितने भाई कितने", गिल्ली-डंडा एवं खो-खो जैसे पारंपरिक खेलों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन खेलों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।

200 विद्यार्थियों ने ली नशामुक्ति की शपथ

धरमपुर नंबर-3 विद्यालय में लगभग 200 विद्यार्थियों ने नशामुक्ति की शपथ लेकर स्वस्थ एवं अनुशासित जीवन अपनाने का संकल्प लिया। विद्यालय के प्राचार्य श्री सुशील कुमार साहू ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।

स्वदेशी मेले में हजारों लोगों ने ली सामूहिक शपथ

कार्यक्रम के अंतिम चरण में लालबाग मैदान स्थित स्वदेशी मेले में महापौर संजय पांडे ने हजारों लोगों को नशामुक्त भारत और नशामुक्त बस्तर के निर्माण की सामूहिक शपथ दिलाई। इस अवसर पर महापौर संजय पांडे ने कहा, "हमारा युवा वर्ग देश और समाज की सबसे बड़ी शक्ति है। यदि युवा नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ें, तो नशामुक्त बस्तर और विकसित भारत का सपना अवश्य साकार होगा। हम सभी को मिलकर नशे के विरुद्ध जनजागरूकता का यह अभियान निरंतर आगे बढ़ाना है।"

कार्यक्रम का मार्गदर्शन राष्ट्रीय सेवा योजना समन्वयक डॉ. संजीवन कुमार एवं कार्यक्रम अधिकारी डॉ. भुवनेश्वर लाल साहू ने किया। सहायक कार्यक्रम अधिकारी प्रेमजीत निराला सहित स्वयंसेवकों ने आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई। इस अवसर पर सहायक आयुक्त गणेश राम शोरी एवं सहायक कार्यक्रम अधिकारी डॉ. भेनु सहित प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक, विद्यार्थी और राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को खेल, सामाजिक सेवा और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।

basant dahiya

मेरा नाम बसंत दहिया है। मैं लगभग 20 वर्षों से प्रिंट मीडिया में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा हूं। इसी बीच मैंने बस्तर जिला व राजधानी रायपुर के प्रमुख समाचार पत्रों में अपनी सेवा देकर लोकहित एवं देशहित में कार्य किया है। वर्तमान की आवश्यकता के दृष्टिगत मैंने अपना स्वयं का न्यूज पोर्टल- समग्रविश्व अप्रेल 2024 से शुरू किया है जो जनहित एवं समाज कल्याण में सक्रिय है। इसमें आप सहयोगी बनें और मेरे न्यूज पोर्टल को सपोर्ट करें। "जय हिन्द, जय भारत"

Post a Comment

Previous Post Next Post