माड़ मैत्री चौपाल: ग्राम बेरिनटोला में पहुंचे SP संदीप कुमार पटेल, ग्रामीणों की सुनीं समस्याएं; बच्चों को बांटी कॉपी-पेन
ग्रामीणों को कपड़े, साड़ी एवं चप्पल वितरित; BRI द्वारा बन रहे पांगुड़ एवं सीतरम पुलों का किया निरीक्षण, बाढ़ से क्षतिग्रस्त कैंपों का भी लिया जायजा
![]() |
| नारायणपुर: ग्राम बेरिनटोला में 'माड़ मैत्री चौपाल' में पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल एवं अन्य पुलिस अधिकारी। — फोटो: नारायणपुर पुलिस |
पुलिस और आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर
इस दौरान पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने माड़ मैत्री चौपाल की अवधारणा एवं उद्देश्य के संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस और आम नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय, आपसी विश्वास एवं सहयोग स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने ग्रामीणों से क्षेत्र की समस्याओं, आवश्यकताओं एवं स्थानीय मुद्दों के संबंध में चर्चा कर उनकी बातें सुनीं तथा पुलिस के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने के लिए प्रोत्साहित किया।
बच्चों को कॉपी-पेन, ग्रामीणों को कपड़े और साड़ियां
ग्रामीणों से मुलाकात एवं संवाद के पश्चात पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल द्वारा ग्रामीणों को कपड़े, साड़ी एवं चप्पल वितरित किए गए। वहीं बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पढ़ाई के लिए कॉपी एवं पेन प्रदान किए गए। इस पहल के माध्यम से ग्रामीणों एवं बच्चों के साथ आत्मीयता, सहयोग एवं विश्वास का भाव मजबूत करने का प्रयास किया गया।
पुलों का किया निरीक्षण
ग्राम बेरिनटोला में ग्रामीणों से मुलाकात के पश्चात पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल द्वारा क्षेत्र में बीआरओ (सीमा सड़क संगठन) के माध्यम से बनाए जा रहे पांगुड़ एवं सीतरम पुलों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान निर्माण कार्यों की प्रगति एवं वर्तमान स्थिति का जायजा लिया गया। इन पुलों का निर्माण क्षेत्र में आवागमन एवं संपर्क व्यवस्था को बेहतर बनाने की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।
बाढ़ से क्षतिग्रस्त कैंपों का निरीक्षण
इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल द्वारा बाढ़ से क्षतिग्रस्त कैंप सीतरम एवं कैंप बालेबेड़ा का निरीक्षण किया गया। दोनों कैंपों की वर्तमान स्थिति का जायजा लेते हुए उन्हें पुनः प्रारंभ करने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए। नारायणपुर पुलिस क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के साथ-साथ ग्रामीणों की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता, आपसी विश्वास एवं सहयोग को मजबूत करने तथा माड़ मैत्री चौपाल के माध्यम से पुलिस और आमजन के बीच बेहतर संबंध स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
