ISSN: 3139-9959 (Online)

जगदलपुर में थदड़ी पर्व 3 सितंबर को, माता शीतला पूजा व पारंपरिक व्यंजनों की धूम

 

जगदलपुर में सिंधी समाज मनाएगा थदड़ी पर्व: 3 सितंबर को माता शीतला की पूजा, 2 को बनेंगे पारंपरिक व्यंजन

माता शीतला देवी की प्रतिमा, थदड़ी पर्व के अवसर पर विधिवत पूजा-अर्चना
जगदलपुर। सिंधी समाज के प्रमुख लोकपर्व थदड़ी (शीतला माता पूजा) के अवसर पर माता शीतला देवी की प्रतिमा। इस वर्ष 3 सितंबर को माता शीतला की विधिवत पूजा-अर्चना की जाएगी तथा 2 सितंबर को पारंपरिक व्यंजन बनाए जाएंगे।

जगदलपुर। सिंधी समाज का प्रमुख लोकपर्व थदड़ी इस वर्ष 3 सितंबर को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। रक्षाबंधन के आठवें दिन मनाया जाने वाला यह पर्व सिंधी समाज की लोक आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है। सिंधी भाषा में 'थदड़ी' का अर्थ ठंडी या शीतल होता है। पर्व को लेकर जगदलपुर के सिंधी समाज में विशेष उत्साह है और घर-घर तैयारियां शुरू हो गई हैं।

मोहनजोदड़ो काल से जुड़ी है मान्यता

श्री पूज्य सिंधी पंचायत अध्यक्ष मनीष मूलचंदानी ने बताया कि हजारों वर्ष पूर्व मोहनजोदड़ो की खुदाई के दौरान माता शीतला देवी की प्रतिमा मिलने की मान्यता है। इसी आस्था से जुड़ा यह पर्व सिंधी समाज द्वारा परंपरागत रूप से मनाया जाता है।

2 सितंबर: पारंपरिक व्यंजनों की धूम

थदड़ी पर्व के एक दिन पूर्व 2 सितंबर को सिंधी परिवारों में विभिन्न पारंपरिक व्यंजन बनाए जाएंगे। इनमें:

  • कूपड़, गच, कोकी (सिंधी के विशेष लोकव्यंजन)

  • सूखी तली हुई सब्जियां – भिंडी, करेला, आलू

  • रायता, दही-बड़े तथा मक्खन प्रमुख हैं

रात को सोने से पहले चूल्हे पर जल छिड़ककर पूजा की जाती है और चूल्हे को ठंडा कर दिया जाता है।

3 सितंबर: नहीं जलेगा चूल्हा, ठंडे भोजन का भोग

सुहिणी सोच महिला विंग अध्यक्ष लक्ष्मी नवतानी ने बताया कि 3 सितंबर को थदड़ी पर्व के दिन घरों में चूल्हा नहीं जलाया जाएगा। परिवार के सभी सदस्य एक दिन पहले तैयार किए गए ठंडे भोजन का ही सेवन करेंगे।

बदलते समय के साथ अब कई परिवारों द्वारा घर में ही जल स्रोत के पास माता शीतला की विधिवत पूजा-अर्चना की जाती है। पूजा में बच्चों को विशेष रूप से शामिल कर उनके उत्तम स्वास्थ्य और शीतलता की कामना की जाती है।

पारंपरिक प्रार्थना

इस अवसर पर सिंधी समाज की पारंपरिक प्रार्थना गाई जाती है:

"ठार माता ठार, पहिंजे बच्चणन खे ठार,
माता अगे भी ठारियो, तई हाणे भी ठार।"

भाईचारे और सुख-समृद्धि का संदेश

सुहिणी सोच सचिव भारती लालवानी ने कहा कि थदड़ी पर्व केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि समाज की एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने का अवसर भी है। इस दिन थदड़ी माता (शीतला माता) से परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और निरोगी काया की प्रार्थना की जाएगी।

पूजा-अर्चना के बाद समाज के लोग एक-दूसरे के घर जाकर पर्व की शुभकामनाएं देंगे तथा पारंपरिक प्रसाद और व्यंजनों का आनंद साझा करेंगे। इस तरह थदड़ी पर्व नई पीढ़ी को भी अपनी समृद्ध सिंधी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का संदेश देगा।

basant dahiya

मेरा नाम बसंत दहिया है। मैं लगभग 20 वर्षों से प्रिंट मीडिया में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा हूं। इसी बीच मैंने बस्तर जिला व राजधानी रायपुर के प्रमुख समाचार पत्रों में अपनी सेवा देकर लोकहित एवं देशहित में कार्य किया है। वर्तमान की आवश्यकता के दृष्टिगत मैंने अपना स्वयं का न्यूज पोर्टल- समग्रविश्व अप्रेल 2024 से शुरू किया है जो जनहित एवं समाज कल्याण में सक्रिय है। इसमें आप सहयोगी बनें और मेरे न्यूज पोर्टल को सपोर्ट करें। "जय हिन्द, जय भारत"

Post a Comment

Previous Post Next Post
iframe.goog-te-banner-frame, .goog-te-banner-frame, .goog-te-banner-frame.skiptranslate, .goog-te-menu-frame, .goog-te-balloon-frame { display: none !important; visibility: hidden !important; height: 0 !important; } body { top: 0 !important; } body > .skiptranslate { display: none !important; }