बचेली में NMDC भर्ती विवाद: कांग्रेस का अल्टीमेटम, 10 दिन में नहीं हुई भर्ती तो उग्र आंदोलन
![]() |
| बचेली। NMDC चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं व नेताओं का प्रदर्शन। इस दौरान महाप्रबंधक श्रीधर कोडली को ज्ञापन सौंपा गया। |
सुरक्षा के मद्देनजर मुख्य गेट बंद
रैली के चेकपोस्ट पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर CISF के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर NMDC का मुख्य गेट बंद कर दिया गया। करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने NMDC प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगें रखीं। सुरक्षाकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी गहमागहमी की स्थिति भी बनी।
महाप्रबंधक को सौंपा ज्ञापन
प्रदर्शन के बाद NMDC बचेली परियोजना के मुख्य महाप्रबंधक श्रीधर कोडली मौके पर पहुंचे और कांग्रेस नेताओं से ज्ञापन लिया। ध्यान रहे कि कोडली ने 30 जून 2025 को बचेली परियोजना के प्रमुख के रूप में पदभार ग्रहण किया था और इससे पूर्व वे NMDC की हीरा खनन परियोजना, पन्ना के प्रमुख थे।
10 दिन का अल्टीमेटम
जिला पंचायत सदस्य तुलिका कर्मा, बबलू सिद्दीकी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष शकील अहमद रिजवी, सलीम रजा उस्मानी, मनोज साहा, सुनील गाइन, विजय भोगामी, पूर्व जिला अध्यक्ष अवधेश सिंह गौतम, संजीव साव, बाला डाकुआ, देवेंद्र नायक, किरण जायसवाल, रीना डाकुआ, ब्रह्मा सोनानी सहित कांग्रेस नेताओं ने NMDC प्रबंधन को 10 दिन का समय दिया है।
नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि तय समय के भीतर L-1, L-2 पदों पर नई भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं हुई और सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पुनर्नियुक्ति बंद नहीं की गई, तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी। नेताओं ने कहा कि NMDC क्षेत्र के विकास और रोजगार का प्रमुख आधार है, ऐसे में स्थानीय योग्य और बेरोजगार युवाओं को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। कांग्रेस ने 2023 से 2025 के बीच NMDC की 1173 भर्तियों में बस्तर के केवल 275 युवाओं को अवसर मिलने का भी आरोप लगाया है।
क्या NMDC करेगा 10 दिन में भर्ती?
उल्लेखनीय है कि NMDC की बचेली परियोजना ने 6 मई 2026 को 180 प्रशिक्षु (अप्रेंटिस) पदों के लिए अधिसूचना जारी की है, जिसमें 1 जून से 11 जून 2026 तक वॉक-इन इंटरव्यू आयोजित किए जाने हैं। इनमें 150 ट्रेड अप्रेंटिस (आईटीआई), 16 ग्रेजुएट अप्रेंटिस (बी.ई/बी.टेक) और 14 टेक्नीशियन अप्रेंटिस (डिप्लोमा) पद शामिल हैं। अब देखना यह है कि NMDC प्रबंधन कांग्रेस की मांगों पर 10 दिनों के भीतर कोई ठोस कदम उठाता है या फिर आंदोलन और तेज होता है।
