एनएमडीसी के आयरन गिट्टी की अफरा-तफरी कर गबन करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार, टिप्पर व 31.5 टन माल जब्त
जगदलपुर। थाना परपा पुलिस ने एनएमडीसी, नगरनार स्टील प्लांट के लिए परिवहन की जा रही आयरन गिट्टी की अफरा-तफरी कर गबन करने वाले टिप्पर चालक व उसके सहयोगी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने टिप्पर वाहन और लगभग 31.500 मीट्रिक टन आयरन गिट्टी बरामद कर जब्त की है।क्या है मामला?
प्रार्थी अमर कुमार सिंह (सुपरवाइजर, इंट्रीगल ट्रेडिंग एंड लॉजिस्टिक कंपनी) ने थाना परपा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनकी कंपनी को कुमार मारेंगा रेलवे साइडिंग से क्रशिंग के बाद प्राप्त CLO (आयरन गिट्टी) को टिप्पर के माध्यम से नगरनार स्टील प्लांट तक परिवहन करने का कार्य मिला है। महादेव ट्रेडर्स के टिप्पर क्रमांक CG 12 S 5895 पर संतोष कुशवाहा नामक चालक 21 अगस्त को 31.500 मीट्रिक टन आयरन गिट्टी लोड कर नगरनार स्टील प्लांट के लिए रवाना हुआ, लेकिन रात 8 बजे तक वह प्लांट नहीं पहुँचा।
पुलिस ने कैसे दबोचा?
जांच में पता चला कि चालक संतोष कुशवाहा ने अपने सहयोगियों आयुष झा व रंजन कुमार के साथ मिलकर अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से माल को निर्धारित स्थान पर अनलोड न कर उसकी अफरा-तफरी की। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर तथा एसडीओपी लक्ष्मण पोटाई के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी परपा निरीक्षक भोला सिंह राजपूत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संतोष कुशवाहा को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने आयुष झा के साथ मिलकर माल गबन करने की बात कबूल की।
क्या बरामद हुआ?
पुलिस ने संतोष कुशवाहा की निशानदेही पर टिप्पर वाहन (CG 12 S 5895) और 31.500 मीट्रिक टन आयरन गिट्टी बरामद कर जब्त कर लिया।
क्या हुआ आगे?
पुलिस ने संतोष कुशवाहा और आयुष झा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। प्रकरण में अन्य आरोपी (रंजन कुमार) की पतासाजी जारी है तथा मामले की विस्तृत विवेचना की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
संतोष कुशवाहा (उम्र 33, निवासी ग्राम इटवा, थाना रामपुर नैकिन, जिला सीधी, मध्यप्रदेश; हाल मुकाम कुमार मारेंगा, थाना परपा) – टिप्पर चालक
आयुष झा (उम्र 28, निवासी बैलाबाजार, दंतेश्वरी वार्ड क्रमांक 20, थाना बोधघाट, जिला बस्तर)
इस कार्रवाई में शामिल अधिकारी/कर्मचारी:
निरीक्षक: भोला सिंह राजपूत
अन्य: पुलिस टीम के समस्त सदस्य
