नशामुक्त विकसित भारत अभियान का शुभारंभ: बस्तर विश्वविद्यालय में युवाओं को दिलाई नशा मुक्ति की शपथ
जगदलपुर। नशामुक्त विकसित भारत अभियान के शुभारंभ के अवसर पर रविवार को शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय, कालीपुर परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राष्ट्र के युवाओं के लिए दिए गए उद्बोधन का सीधा प्रसारण सुना गया। कार्यक्रम में प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन तथा सहकारिता मंत्री केदार कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।वन मंत्री केदार कश्यप ने नशे को दीमक की संज्ञा दी
मुख्य अतिथि केदार कश्यप ने कहा कि जिस प्रकार दीमक किसी वस्तु को अंदर ही अंदर खाकर खोखला कर देती है, उसी प्रकार नशा भी किसी व्यक्ति के जीवन को बर्बाद कर देता है। उन्होंने कहा कि नशा परिवार एवं समाज की छवि को क्षति पहुँचाता है। युवाओं को नशा मुक्ति केंद्रों से परामर्श लेकर नशा छोड़ने के लिए प्रयास करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से स्वयं आगे बढ़कर नशा मुक्त विकसित भारत अभियान के लिए कार्य करने की अपील की।
कश्यप ने कहा कि नशा मुक्ति के लिए देश में सरकारी, स्वयंसेवी एवं सामाजिक संगठन कार्य कर रहे हैं, ताकि हमारा घर-परिवार सुरक्षित रह सके। उन्होंने जोर देकर कहा कि आज के युवाओं को शारीरिक एवं मानसिक रूप से मजबूत होकर आगे बढ़ने की आवश्यकता है।
कुलपति प्रो. मनोज श्रीवास्तव: 2047 का सपना नशामुक्त देश से ही होगा साकार
कुलपति प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि 2047 के विकसित एवं सशक्त भारत का सपना तभी पूरा होगा, जब देश का प्रत्येक नागरिक नशामुक्त होगा। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य युवाओं को सशक्त बनाना है ताकि वे देश के विकास में अपना योगदान दे सकें।
सांसद महेश कश्यप: पढ़ाई के साथ संस्कार भी जरूरी
सांसद महेश कश्यप ने कहा कि पढ़ा-लिखा होने के साथ-साथ युवाओं का संस्कारवान होना भी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि युवा ही समाज का निर्माण करते हैं और विकसित भारत के लक्ष्य को पाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी। श्री कश्यप ने युवाओं को अच्छी संगति करने और भ्रमित करने वालों से दूर रहने की अपील की।
नशा मुक्ति की शपथ और प्रधानमंत्री मोदी का उद्बोधन
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी युवाओं को नशा से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नशा मुक्ति से संबंधित प्रेरक उद्बोधन का सीधा प्रसारण किया गया। इससे पूर्व ऑनलाइन प्रसारित नाट्य के माध्यम से भी युवाओं को नशा से दूर रहने का संदेश दिया गया।
नाट्य में कहा गया कि नशा एक बीमारी है, जो हमारी सोच और सपनों पर हमला करती है। यह समाज की कमजोरियों का चेहरा है, लेकिन हम अपनी इच्छाशक्ति से इस बीमारी से मुक्ति पा सकते हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य व्यक्ति
विश्वविद्यालय के कालीपुर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में जिला कलेक्टर आकाश छिकारा, कार्यपरिषद सदस्य अजय सिंह बैस, जयराम दास, कुलसचिव डॉ. राजेश लालवानी, कार्यक्रम समन्वयक डॉ. सजीवन कुमार सहित संभाग के विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक और बड़ी संख्या में एनएसएस के स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें :
