शासकीय दंतेश्वरी स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय में दीक्षारंभ (इंडक्शन) कार्यक्रम का आयोजन
जगदलपुर, 05 अगस्त 2026। शासकीय दंतेश्वरी स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय, जगदलपुर के राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) प्रकोष्ठ द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातक प्रथम सेमेस्टर में नवप्रवेशित छात्राओं के स्वागत एवं मार्गदर्शन हेतु दीक्षारंभ (इंडक्शन) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन महाविद्यालय के अकादमिक कैलेंडर के अनुसार दिनांक 05 अगस्त 2026 को संपन्न हुआ।कार्यक्रम में बी.ए., बी.एससी., बी.कॉम. एवं बी.एच.एससी. प्रथम सेमेस्टर की कुल 179 नवप्रवेशित छात्राएँ उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ एवं स्वागत सत्र
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके उपरांत कु. आस्था द्वारा सरस्वती वंदना की मनोहारी प्रस्तुति दी गई। तत्पश्चात राजकीय एवं राष्ट्रीय गीत का सामूहिक गायन किया गया।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रंजना नाथ ने स्वागत उद्बोधन देते हुए नवप्रवेशित छात्राओं का आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने उन्हें उच्च शिक्षा के महत्व, अनुशासित आचरण, नैतिक मूल्यों, जिम्मेदारियों एवं महाविद्यालयीन जीवन में उनकी सकारात्मक भूमिका के संबंध में प्रेरणादायी मार्गदर्शन प्रदान किया।
महाविद्यालय का परिचय एवं NEP-2020 पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण
महाविद्यालय का परिचय
मानवविज्ञान विभाग के प्राध्यापक प्रो. भुवनेश्वर कुमार ने महाविद्यालय का संक्षिप्त परिचय प्रस्तुत करते हुए संस्थान की शैक्षणिक उपलब्धियों, उपलब्ध सुविधाओं, विभिन्न गतिविधियों तथा छात्राओं के लिए उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी।
NEP-2020 एवं पाठ्यक्रम संरचना
राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) प्रकोष्ठ के संयोजक एवं मानवविज्ञान विभाग के प्राध्यापक डॉ. श्यामा चरण ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रमुख प्रावधानों, महाविद्यालय में संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों (DSC, GE, AEC, VAC) की संरचना, शब्दावली एवं परीक्षा प्रणाली का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया, जिससे छात्राओं को नई शिक्षा व्यवस्था की समग्र जानकारी प्राप्त हो सकी।
परीक्षा प्रणाली, खेल, NSS एवं अन्य गतिविधियाँ
परीक्षा प्रणाली एवं पाठ्यक्रम
वनस्पति विज्ञान विभाग के प्राध्यापक डॉ. गुलाब चंद ने पाठ्यक्रम (Syllabus) , आंतरिक मूल्यांकन (Internal Assessment) एवं एंड सेमेस्टर परीक्षा प्रणाली (End Semester Examination) की विस्तृत जानकारी दी।
खेल एवं करियर की संभावनाएँ
महाविद्यालय के क्रीड़ा अधिकारी सत्यनारायण सोनंत ने खेलों के महत्व , स्वस्थ जीवनशैली तथा विभिन्न खेल विधाओं में उपलब्ध कैरियर की संभावनाओं पर प्रकाश डाला।
NSS, रेडक्रॉस एवं लाइब्रेरी
रसायन विज्ञान विभाग की प्राध्यापिका डॉ. प्रिंसी दुग्गा ने राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) , रेडक्रॉस , लाइब्रेरी तथा अन्य छात्र हितैषी गतिविधियों एवं उनके महत्व से छात्राओं को अवगत कराया।
कार्यक्रम का समापन एवं आभार
कार्यक्रम का सफल संचालन अर्थशास्त्र विभाग की प्राध्यापिका श्रीमती बबीता दीवान ने किया। अंत में उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित समस्त छात्राओं, प्राध्यापकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य
दीक्षारंभ कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशित छात्राओं को महाविद्यालयीन वातावरण , राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 , पाठ्यक्रम , परीक्षा प्रणाली तथा सह-शैक्षणिक गतिविधियों से परिचित कराते हुए उनके सर्वांगीण विकास के लिए प्रेरित करना रहा।
यह भी पढ़ें :
