वन कर्मचारी संघ ने सामाजिक वानिकी वनमंडल में की समस्याओं के निराकरण की बैठक, नवपदस्थ वनमंडलाधिकारी का किया स्वागत
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ वन कर्मचारी संघ, जिला बस्तर ने कर्मचारियों के हित एवं समस्याओं के निराकरण के लिए दो महत्वपूर्ण पहल कीं। संघ ने सामाजिक वानिकी वनमंडल, जगदलपुर में परामर्शदात्री बैठक की तथा बस्तर वनमंडल में नवपदस्थ वनमंडलाधिकारी दीपेश कपिल का स्वागत किया।
सामाजिक वानिकी वनमंडल में परामर्शदात्री बैठक
21 अगस्त को सामाजिक वानिकी वनमंडल, जगदलपुर में आयोजित परामर्शदात्री बैठक में वन कर्मचारी संघ, जिला बस्तर के पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने वनमंडलाधिकारी महोदया से मुलाकात की। बैठक में वन कर्मचारियों से संबंधित विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को विस्तारपूर्वक रखा गया। वनमंडलाधिकारी महोदया ने कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए आवश्यक कार्यवाही एवं निराकरण का आश्वासन दिया।
नवपदस्थ वनमंडलाधिकारी का स्वागत
इसी क्रम में बस्तर वनमंडल में नवपदस्थ वनमंडलाधिकारी दीपेश कपिल का वन कर्मचारी संघ, जिला बस्तर द्वारा आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। संघ के पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया तथा बस्तर वनमंडल में उनके सफल एवं सुखद कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
संघ ने जताई आशा
वन कर्मचारी संघ ने आशा व्यक्त की कि नवपदस्थ वनमंडलाधिकारी के कुशल नेतृत्व में वन विभाग एवं वन कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा तथा कर्मचारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करते हुए विभागीय कार्यों को प्रभावी एवं सुचारू रूप से संचालित किया जाएगा।
