'नशा मुक्त युवा, विकसित भारत' अभियान: वेटरनरी पॉलीटेक्निक के विद्यार्थियों ने ग्राम डोगाम में जागरूकता रैली व नुक्कड़ नाटक के माध्यम से दिया नशा छोड़ने का संदेश
जगदलपुर। ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान’ के अंतर्गत वेटरनरी पॉलीटेक्निक, जगदलपुर के विद्यार्थियों ने अपने गोद लिए हुए ग्राम डोगाम (ग्राम पंचायत जाटम) में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। विद्यार्थियों ने रैली और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामीणों व स्कूली बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया और नशा छोड़ने का संदेश दिया।
जागरूकता रैली से हुआ आगाज
कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा जागरूकता रैली निकालकर की गई। रैली के दौरान “नशा छोड़ो, जीवन संवारो”, “नशा मुक्त युवा—विकसित भारत की पहचान” तथा “स्वस्थ युवा, सशक्त भारत” जैसे नारों के माध्यम से ग्रामीणों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।
नुक्कड़ नाटक ने दिया प्रभावशाली संदेश
रैली के पश्चात विद्यार्थियों ने ग्रामीणों एवं विद्यालय के बच्चों के बीच नशामुक्ति पर नुक्कड़ नाटक का प्रभावशाली मंचन किया। नाटक के माध्यम से शराब, तंबाकू, गुटखा एवं अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों को सरल एवं मनोरंजक तरीके से प्रस्तुत किया गया।
विद्यार्थियों ने युवाओं को किया प्रेरित
विद्यार्थियों ने बताया कि नशे की लत न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाती है, बल्कि परिवार की आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालती है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेलकूद एवं सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया।
शिक्षकों का संदेश: 'नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की नींव'
इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य डॉ. नितेश कुमार कुंभकार ने कहा कि नशामुक्त युवा ही स्वस्थ समाज और विकसित भारत की मजबूत नींव हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपने स्वास्थ्य, शिक्षा और भविष्य पर ध्यान केंद्रित करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित लोग
कार्यक्रम में डॉ. देवेश कुमार गिरी (सहायक प्राध्यापक), डोगाम शासकीय विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षकगण, ग्रामीणजन, स्कूली बच्चे, वेटरनरी पॉलीटेक्निक के छात्र-छात्राएं तथा संस्थान के स्टाफ उपस्थित रहे। सभी ने नशे के विरुद्ध जनजागरूकता बढ़ाने और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।
