कृषि विज्ञान केन्द्र जगदलपुर का कुलपति ने किया भ्रमण, किसानों की आय बढ़ाने पर दिया जोर | बस्तर समाचार 2026

कृषि विज्ञान केन्द्र जगदलपुर का कुलपति प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने किया भ्रमण, किसानों की आय बढ़ाने पर दिया जोर

कृषि विज्ञान केन्द्र जगदलपुर में कुलपति प्रो. मनोज श्रीवास्तव का भ्रमण, डॉ. संतोष नाग व अन्य वैज्ञानिक उपस्थित
कृषि विज्ञान केन्द्र जगदलपुर में शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने पौधरोपण किया। यहां के वैज्ञानिकों ने किसानों की आय बढ़ाने हेतु चल रही गतिविधियों की जानकारी दी।
जगदलपुर, 21 जुलाई 2026 | शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय, बस्तर के कुलपति प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने मंगलवार को कृषि विज्ञान केन्द्र (केवीके), जगदलपुर का भ्रमण किया। कृषि विज्ञान केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. संतोष नाग ने केन्द्र में संचालित कृषि प्रशिक्षण, प्रसार एवं उद्यमिता विकास संबंधी गतिविधियों की जानकारी दी। इस अवसर पर उन्होंने कृषि विज्ञान केन्द्र द्वारा किसानों, ग्रामीण युवाओं एवं महिला स्व-सहायता समूहों की आय एवं आजीविका संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों के बारे में कुलपति महोदय को अवगत कराया।

कृषि विज्ञान केन्द्र की विभिन्न इकाइयों का अवलोकन

भ्रमण के दौरान कुलपति ने कृषि विज्ञान केन्द्र परिसर में स्थापित कृषि प्रसंस्करण (प्रोसेसिंग) इकाई, डेयरी इकाई, बायोफ्लॉक मत्स्य पालन इकाई, मत्स्य तालाब, प्रदर्शन प्रक्षेत्र, नर्सरी, वर्मी कम्पोस्ट इकाई सहित विभिन्न तकनीकी एवं प्रशिक्षण इकाइयों का अवलोकन किया। कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिकों ने उन्हें केन्द्र में संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रमों, ऑन-फार्म परीक्षणों, फ्रंटलाइन प्रदर्शन, उद्यमिता विकास तथा किसानों की आय बढ़ाने हेतु संचालित विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी।

कुलपति ने दिए मार्केटिंग रणनीति पर काम करने के सुझाव

वैज्ञानिकों के साथ आयोजित चर्चा के दौरान कुलपति प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने विशेष रूप से इन्क्यूबेशन, संस्थागत सहयोग एवं प्रभावी मार्केटिंग रणनीति पर कार्य करने की आवश्यकता पर सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि कृषि विज्ञान केन्द्र किसानों को केवल उत्पादन तकनीकों के साथ मूल्य संवर्धन एवं विपणन की संपूर्ण श्रृंखला से जोड़ने हेतु मार्गदर्शन करे।

विश्वविद्यालय और केन्द्र के बीच संयुक्त पहल पर बल

कुलपति ने कृषि विज्ञान केन्द्र एवं शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय के मध्य अनुसंधान, छात्र इंटर्नशिप, कौशल विकास, नवाचार, उद्यमिता एवं तकनीकी हस्तांतरण के क्षेत्रों में भविष्य में संयुक्त रूप से कार्य करने पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय एवं कृषि विज्ञान केन्द्र के समन्वित प्रयास बस्तर क्षेत्र के किसानों, ग्रामीण युवाओं एवं जनजातीय समुदायों के सतत् विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

भ्रमण में उपस्थित वैज्ञानिक

भ्रमण के दौरान बस्तर विश्वविद्यालय के डॉ. सजीवन कुमार सहित कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक डॉ. राहुल साहू, धर्मपाल केरकेट्टा, डॉ. कोमल गुप्ता, डॉ. सुन्ना दीप्ति, डॉ. वेंकटेश्वर, डॉ. नीलम बंजारे एवं दुष्यंत पाण्डेय उपस्थित थे।

basant dahiya

मेरा नाम बसंत दहिया है। मैं लगभग 20 वर्षों से प्रिंट मीडिया में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा हूं। इसी बीच मैंने बस्तर जिला व राजधानी रायपुर के प्रमुख समाचार पत्रों में अपनी सेवा देकर लोकहित एवं देशहित में कार्य किया है। वर्तमान की आवश्यकता के दृष्टिगत मैंने अपना स्वयं का न्यूज पोर्टल- समग्रविश्व अप्रेल 2024 से शुरू किया है जो जनहित एवं समाज कल्याण में सक्रिय है। इसमें आप सहयोगी बनें और मेरे न्यूज पोर्टल को सपोर्ट करें। "जय हिन्द, जय भारत"

Post a Comment

Previous Post Next Post