बस्तर पुलिस की त्वरित कार्रवाई: गुंडागर्दी कर लूटपाट करने वाला आरोपी गिरफ्तार
![]() |
| बस्तर पुलिस ने नया बस स्टैंड जगदलपुर के पास गुंडागर्दी कर 21,300 रुपये लूटने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बरामद रकम व आधार कार्ड के साथ आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा। |
घटना का विवरण
15 जुलाई को प्रार्थी सुखराम मडावी ने थाना पहुँचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रार्थी सरपंच पारा मारडूम का निवासी है और मजदूरी का काम करता है। वह 02 माह पूर्व काम करने हैदराबाद गया हुआ था, जहाँ उसने मेहनत-मजदूरी करके 21,300 रुपये जमा किए और बस द्वारा वापस अपने घर मारडूम आ रहा था। उक्त राशि एवं आधार कार्ड को उसने अपने पर्स में रखा था।
प्रार्थी बस से जगदलपुर उतरा और अपने गाँव मारडूम के दोस्त मुन्ना मंडावी को नया बस स्टैंड जगदलपुर बुलाया। दोनों शाम करीब 4:30 बजे नया बस स्टैंड के आगे शराब की दुकान के सामने खड़े थे, तभी वहाँ आरोपी मुकेश्या ध्रुव (20) आ गया और उसने सुखराम मंडावी से गाली-गलौच करने लगा। उसने अपने आप को क्षेत्र का दादा बताते प्रार्थी की जेब टटोलनी शुरू की, विरोध करने पर मारपीट करने लगा। दोस्त मुन्ना मंडावी द्वारा बीच-बचाव करने पर उसे भी चोट पहुँचाई। आरोपी ने प्रार्थी के जेब में रखे 21,300 रुपये एवं आधार कार्ड लूट लिए और जान से मारने की धमकी दी।
प्रार्थी की मौखिक रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ अपराध कायम कर विवेचना शुरू की गई। घटना के बारे में वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। आरोपी घटना के दिन से ही फरार था। मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के मार्गदर्शन में तत्काल ब्लैक पैंथर के साथ एक टीम गठित की गई।
थाना प्रभारी बोधघाट प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक सुमित चंद्रा के नेतृत्व में आरोपी की पता तलाश की जा रही थी। 16 जुलाई को आरोपी पकड़ में आया। पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने लूट की कुछ रकम खर्च कर डाला था। 17,000 रुपये एवं प्रार्थी का आधार कार्ड पर्स सहित बरामद कर लिया। आरोपी के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य एवं गवाह पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई में इनकी रही मुख्य भूमिका
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक सुमित चंद्रा, निरीक्षक टामेश्वर चौहान, उपनिरीक्षक लोकेश्वर नाग, प्रशिक्षु उप निरीक्षक नागेंद्र सिंह एवं निर्मला सिदार, स. उ. नि. दिनेश उसेंडी, प्रधान आरक्षक अखिलेश नाग एवं सुनील मनहर, आरक्षक संदीप राणा एवं विजय तिर्की तथा ब्लैक पैंथर टीम के जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
बस्तर पुलिस ने सभी नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी के साथ भी इस प्रकार की घटना होती है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है।
