ज्ञानगुड़ी के 47 बच्चों ने पास किया NEET
नर्सिंग प्रवेश परीक्षा में 60वीं रैंक (राज्य स्तर)
🏅 मोहन बती – 294वीं रैंक (कुल 23,494 बच्चों ने दी परीक्षा)
जगदलपुर, 17 जुलाई 2026 | बस्तर के वनांचल और कभी नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्रों के ग्रामीण परिवेश से आने वाले होनहार बच्चों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि यदि सही मार्गदर्शन और अवसर मिले, तो वे देश की सबसे प्रतिष्ठित प्रवेश परीक्षाओं में भी शीर्ष स्थान हासिल कर सकते हैं। बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा के कुशल मार्गदर्शन में जिला प्रशासन के अधीन शिक्षा विभाग द्वारा संचालित निःशुल्क कोचिंग संस्थान ज्ञानगुड़ी के विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में अभूतपूर्व सफलता हासिल करते हुए पूरे अंचल को गौरवान्वित किया है।
इस वर्ष कुल 90 बच्चों ने संस्थान में नियमित रहकर कोचिंग ली थी, जिनमें से बेहतरीन सफलता दर दर्ज करते हुए 47 बच्चों ने एक साथ NEET परीक्षा क्वालीफाई कर शिक्षा के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
नर्सिंग और अग्निवीर परीक्षा में भी बस्तर का दबदबा
NEET परीक्षा में ऐतिहासिक सफलता दर्ज करने के साथ-साथ ज्ञानगुड़ी के बच्चों ने रोजगार अधिकारी जयप्रकाश कौशक के मार्गदर्शन में रोजगार कार्यालय द्वारा ज्ञान गुड़ी में चल रही कक्षाओं में अन्य व्यावसायिक व रक्षा सेवाओं की परीक्षाओं में भी सफलता हासिल की है। राज्य स्तरीय नर्सिंग प्रवेश परीक्षा में यहाँ की प्रतिभावान छात्रा प्रेरणा ठाकुर ने पूरे छत्तीसगढ़ में 60वाँ रैंक हासिल कर अपनी मेधा का परिचय दिया है, वहीं मोहन बती ने राज्य स्तरीय नर्सिंग परीक्षा में 294वाँ रैंक प्राप्त किया है। उल्लेखनीय है कि इस परीक्षा में कुल 23,494 बच्चों ने भाग लिया था। इसके साथ ही देश सेवा का जज्बा रखने वाले ज्ञानगुड़ी के 22 जांबाज युवाओं ने देश की प्रतिष्ठित अग्निवीर परीक्षा को भी सफलतापूर्वक क्वालीफाई किया है, जो इस संस्थान की बहुमुखी शिक्षण गुणवत्ता को दर्शाता है।
गौरवशाली परंपरा का विस्तार
यह कोई पहला अवसर नहीं है जब ज्ञानगुड़ी ने बस्तर का मान बढ़ाया हो। इससे पूर्व भी इस अनूठी पहल के माध्यम से सैकड़ों ग्रामीण और संवेदनशील नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के बच्चों ने अपनी कड़ी मेहनत और समर्पित शिक्षकों के अटूट प्रयासों से अपना भाग्य बदला है। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और सीमित संसाधनों के बीच रहने वाले इन आदिवासी अंचल के बच्चों की यह सफलता पूरे क्षेत्र के लिए एक प्रेरणा बन गई है। बस्तर जैसे आदिवासी क्षेत्र के बच्चों का यह सफलता पाना बड़ी बात है और इसी कारण यह खबर अत्यंत महत्वपूर्ण हो जाती है।
जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने दी बधाई
बस्तर के बच्चों की इस अद्भुत और गौरवशाली सफलता पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने हर्ष व्यक्त किया है। सांसद महेश कश्यप, जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, विनायक गोयल, महापौर संजय पांडे सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, कमिश्नर बस्तर डोमन सिंह, कलेक्टर आकाश छिकारा, जिला पंचायत सीईओ तन्मय खन्ना तथा शिक्षा विभाग के संयुक्त संचालक एचआर सोम, जिला शिक्षा अधिकारी बलिराम बघेल, अलेक्जेंडर एम चेरियन, श्रीनिवास राव, मनीष श्रीवास्तव एवं संजीव बिस्वास सहित सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने सफल छात्र-छात्राओं और उनके मार्गदर्शक शिक्षकों की दिन-रात की कड़ी मेहनत को सराहा है और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें एवं उनके परिवारों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
बस्तर कलेक्टर आकाश छिकारा ने इस उपलब्धि पर कहा कि "ज्ञानगुड़ी का यह परिणाम पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। हमारे बच्चों ने साबित कर दिया है कि वे देश के किसी भी छात्र से कम नहीं हैं। यह सफलता हमारे शिक्षकों के समर्पण और बच्चों की मेहनत का फल है।"
ज्ञानगुड़ी के संचालक एलेक्सजेंडर एम चेरियन ने कहा कि "यह सफलता हम सभी के लिए प्रेरणादायक है। हमारे बच्चों ने कठिन परिस्थितियों में भी अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। हम आगे भी इसी तरह बच्चों को मार्गदर्शन देते रहेंगे।"
📍 स्थान: ज्ञानगुड़ी, जगदलपुर | 🏢 आयोजक: जिला प्रशासन बस्तर, शिक्षा विभाग
© 2026 • बस्तर समाचार