बस्तर पुलिस ने 6.35 लाख के गांजा के साथ 02 तस्करों को किया गिरफ्तार | नगरनार समाचार 2026

बस्तर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 12.700 किलोग्राम गांजा के साथ 02 तस्कर गिरफ्तार

बस्तर पुलिस द्वारा 12.700 किलोग्राम गांजा के साथ दो तस्करों की गिरफ्तारी, नगरनार थाना कार्रवाई
बस्तर पुलिस ने नगरनार थाना क्षेत्र में 12.700 किलोग्राम गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस टीम जप्त गांजा के साथ आरोपियों को पेश करती हुई।
जगदलपुर, 17 जुलाई 2026 | बस्तर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर पुलिस की लगातार कार्रवाई जारी है। इसी तारतम्य में थाना नगरनार पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से कुल 12.700 किलोग्राम गांजा जप्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीबन 6,35,000 रुपये बताई जा रही है। उल्लेखनीय है कि आरोपी जप्त गांजा को उड़ीसा से उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे।

मुखबिर सूचना पर की गई कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग के दिशा-निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह के नेतृत्व में थाना स्तर पर टीम गठित की गई है, जो गांजा तस्करों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई कर रही है।

16 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति अपने काले रंग के पिठ्ठू बैग में अवैध मादक पदार्थ गांजा रखकर वाहन की तलाश में धनपुंजी फॉरेस्ट नाका के पास खड़े हैं। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल धनपुंजी फॉरेस्ट नाका की ओर रवाना हुई और वहाँ पहुँचकर मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के दो व्यक्तियों को पिठ्ठू बैग के साथ वाहन का इंतजार करते पाया।

आरोपियों की पहचान एवं जब्ती

पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम हरिओम शर्मा एवं मोनू चौरसिया बताए। दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के निवासी हैं। आरोपियों के संयुक्त कब्जे वाले दोनों काले रंग के पिठ्ठू बैगों की तलाशी लेने पर उनके अंदर कुल 06 पैकेट में 12.700 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा बरामद किया गया। जप्त गांजा की कीमत लगभग 6,35,000 रुपये आंकी गई है।

आरोपियों के कृत्य में एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) पाए जाने पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर अपराध पंजीबद्ध किया। इसके बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम

इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक संतोष सिंह, उपनिरीक्षक सतीश यदुराज, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक दीपक कुमार सिंह, सउनि जदुराम बघेल, प्रधान आरक्षक अजय साहु, आरक्षक नरेश कश्यप, यशवंत ध्रुव, अशोक सिंह एवं डीएसएफ आरक्षक भास्कर भारद्वाज का विशेष योगदान रहा है।

बस्तर पुलिस ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे मादक पदार्थों की तस्करी के बारे में किसी भी सूचना पर तुरंत पुलिस को अवगत कराएँ। पुलिस मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है।


basant dahiya

मेरा नाम बसंत दहिया है। मैं लगभग 20 वर्षों से प्रिंट मीडिया में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा हूं। इसी बीच मैंने बस्तर जिला व राजधानी रायपुर के प्रमुख समाचार पत्रों में अपनी सेवा देकर लोकहित एवं देशहित में कार्य किया है। वर्तमान की आवश्यकता के दृष्टिगत मैंने अपना स्वयं का न्यूज पोर्टल- समग्रविश्व अप्रेल 2024 से शुरू किया है जो जनहित एवं समाज कल्याण में सक्रिय है। इसमें आप सहयोगी बनें और मेरे न्यूज पोर्टल को सपोर्ट करें। "जय हिन्द, जय भारत"

Post a Comment

Previous Post Next Post