जेल से भागा, हॉस्पिटल से भागा, दोबारा भागा... अब बस्तर पुलिस ने नारायणपुर से दबोचा
📌 05 वर्ष 03 माह की सजा भुगत रहे बंदी ने जेल से रची फरारी की साजिश, पुलिस ने नारायणपुर से दबोचा
![]() |
| बस्तर पुलिस ने केन्द्रीय जेल जगदलपुर से फरार दंडित बंदी महेन्द्र दीवान को नारायणपुर से गिरफ्तार किया। |
जगदलपुर, 22 जुलाई 2026 | 25 मार्च 2026 को केन्द्रीय जेल जगदलपुर से एक बंदी ने रची फरारी की साजिश। वह न सिर्फ जेल से भागा, बल्कि इससे पहले दंतेवाड़ा जेल और हॉस्पिटल से भी भाग चुका था। 5 साल 3 माह की सजा काट रहे इस शातिर बंदी ने पुलिस को 4 महीने तक चुनौती दी, लेकिन आखिरकार बस्तर पुलिस ने नारायणपुर में एक सप्ताह कैंप कर उसे दबोच ही लिया।
फरार बंदी का आपराधिक इतिहास
आरोपी महेन्द्र दीवान चितालंका कलारपारा, थाना सिटी कोतवाली दंतेवाड़ा का निवासी है। वह जिला कांकेर में 01 चोरी एवं जिला दंतेवाड़ा में 02 चोरियों में गिरफ्तार हो चुका है। जिला दंतेवाड़ा के अपराध क्रमांक 104/2024 धारा 331 (4), 305(5), बीएनएस के तहत न्यायालय द्वारा उसे 05 वर्ष 03 माह के कारावास से दंडित किया गया था। इसके अलावा उसके खिलाफ तीन अन्य लंबित प्रकरण भी हैं - थाना कांकेर का अपराध क्रमांक 35/2025 धारा 262 बीएनएस, थाना दंतेवाड़ा का अपराध क्रमांक 35/2025 धारा 262 बीएनएस, तथा थाना परपा जिला बस्तर का अपराध क्रमांक 182/2024 धारा 262 बीएनएस।
पूर्व में भी दो बार फरार हो चुका है आरोपी
दंडित बंदी महेन्द्र दीवान ने 04 जनवरी 2026 को जिला जेल दंतेवाड़ा से स्थानांतरण पर केन्द्रीय जेल जगदलपुर में सजा भुगत रहा था, जहाँ से 25 मार्च 2026 को वह फरार हो गया। इससे पहले वह दंतेवाड़ा जेल से भी फरार हो चुका था और शहीद महेन्द्र कर्मा अस्पताल डिमरापाल से इलाज के दौरान भी भाग गया था।
साइबर सेल की टीम ने एक सप्ताह तक किया कैंप
पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन में फरार बंदी को पकड़ने के लिए विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महेश्वर नाग, नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार धोत्रे एवं उप पुलिस अधीक्षक साइबर सेल अमित देवांगन के मार्गदर्शन में साइबर सेल प्रभारी भोलासिंह राजपुत के नेतृत्व में टीम ने लगातार पतासाजी की। टीम को सूचना मिली कि फरार बंदी नारायणपुर जिले में कहीं छिपा हुआ है। इस सूचना के आधार पर टीम ने एक सप्ताह तक नारायणपुर में कैंप कर रेकी की और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय जगदलपुर के समक्ष पेश किया गया और उसे कारावास की सजा के अंतर्गत जेल निरुद्ध कर दिया गया।
इस सफल कार्रवाई में साइबर सेल प्रभारी निरीक्षक भोलासिंह राजपुत, प्रधान आरक्षक मौसम गुप्ता, आरक्षक माहंगु राम एवं आरक्षक कृष्ण कुमार नेताम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
