बस्तर में खेल क्रांति: सचिन तेंदुलकर ने छिंदनार में दिखाया तिरंगा, बोले- 'यहां छिपे हैं भविष्य के ओलंपियन'


सचिन तेंदुलकर परिवार और अधिकारी छिंदनार मैदान में युवा खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए ताली बजाते हुए
रस्साकशी, वॉलीबॉल और दौड़ प्रतियोगिताओं के दौरान सचिन तेंदुलकर, उनकी पुत्री सारा, बहू सानिया एवं अधिकारियों ने बच्चों के साथ खेलकर उनका मनोबल बढ़ाया। खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर पूरा मैदान तालियों से गूंज उठा।
दंतेवाड़ा, 22 अप्रैल 2026। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बस्तर क्षेत्र में बुधवार को इतिहास लिखा गया। भारत रत्न सचिन तेंदुलकर ने दंतेवाड़ा जिले के ग्राम छिंदनार स्थित स्वामी आत्मानंद हिंदी मिडियम हाई स्कूल में मल्टी-स्पोर्ट्स ग्राउंड का उद्घाटन कर खेल क्रांति की नींव रखी। इस ऐतिहासिक अवसर पर तेंदुलकर परिवार और मानदेशी फाउंडेशन की फाउंडर चेतना सिन्हा भी मौजूद रहीं।

🏏 सचिन बोले: 'शॉर्टकट नहीं, सिर्फ मेहनत और अनुशासन से मिलती है सफलता'

सचिन तेंदुलकर, अधिकारी और विजेता खिलाड़ी ट्राफी लिए साथ में ग्रुप फोटो छिंदनार दंतेवाड़ा
मानदेशी फाउंडेशन द्वारा आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं (रस्साकस्सी, वॉलीबॉल, कबड्डी, दौड़) के विजेता प्रतिभागियों को भारत रत्न सचिन तेंदुलकर ने स्मृति चिन्ह (मोमेंटो) प्रदान किए। इस दौरान सभी विजेताओं एवं अधिकारियों ने सामूहिक तस्वीर खिंचवाई।

मैदान के उद्घाटन के बाद सचिन ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा,

"मैंने अपनी जिंदगी की शुरुआत मैदान से की थी। यहां बैठे बच्चे हीरों की तरह हैं, जिन्हें पॉलिश किया जाना बाकी है। हीरे की कीमत पॉलिश के बाद ही आती है।"

उन्होंने कहा कि छात्र जीवन में प्रतिभा के साथ अनुशासन और कड़ी मेहनत सबसे ज्यादा जरूरी है। साथ ही चेतावनी दी कि सफलता के लिए शॉर्टकट न अपनाएं। उन्होंने खेल और पढ़ाई में संतुलन बनाने की सीख भी दी।

🏟️ 50 गांवों में बनेंगे खेल मैदान, बस्तर के बदलते चेहरे की नई पहचान

छिंदनार दंतेवाड़ा में सचिन तेंदुलकर के खेल कार्यक्रम में हजारों की संख्या में बैठे छात्र खिलाड़ी और ग्रामीण
सचिन तेंदुलकर के आगमन पर छिंदनार गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में छात्र, खिलाड़ी एवं ग्रामीण मैदान में पहुंचे। बस्तर क्षेत्र में खेल क्रांति की इस पहल को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।

सचिन एवं मानदेशी फाउंडेशन ने प्रतिबद्धता जताई कि आने वाले समय में बस्तर के 50 गांवों में आधुनिक खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी। यहां क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी और वॉलीबॉल को बढ़ावा दिया जाएगा।

कार्यक्रम में रस्साकशी, दौड़, खो-खो, वॉलीबॉल जैसे रोचक खेल आयोजित किए गए। सचिन, उनकी पुत्री सारा और बहू सानिया ने बच्चों के साथ खेलकर उनका हौसला बढ़ाया।

🎂 'जन्मदिन मुबारक हो' के नारों से गूंजा छिंदनार

बच्चों ने सचिन के आगामी जन्मदिन पर अग्रिम केक काटा और पूरा मैदान "जन्मदिन मुबारक हो" के नारों से गूंज उठा। इस पर सचिन ने बच्चों को धन्यवाद दिया।

🏆 कलेक्टर ने कहा: 'बस्तर अब नक्सल मुक्त, विकास की ओर अग्रसर'

छिंदनार दंतेवाड़ा में मल्टी स्पोर्ट्स ग्राउंड उद्घाटन के दौरान मंच पर सचिन तेंदुलकर, पत्नी अंजलि, पुत्री सारा, पुत्र अर्जुन, बहू सानिया और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी
दंतेवाड़ा के ग्राम छिंदनार में आयोजित ऐतिहासिक कार्यक्रम के दौरान मंच पर भारत रत्न सचिन तेंदुलकर उनके परिवार एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों के साथ। इस अवसर पर सचिन एवं मानदेशी फाउंडेशन द्वारा निर्मित मल्टी-स्पोर्ट्स ग्राउंड का उद्घाटन किया गया।

कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने कहा,

"बस्तर अब नक्सल मुक्त होकर शांति और विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। यहां के बच्चे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम रोशन करेंगे।"

इस मौके पर सचिन को टेराकोटा शिल्प और लौह शिल्प की कलाकृतियां भेंट की गईं। विजेता खिलाड़ियों को सचिन के हाथों मोमेंटो प्रदान किए गए।

✈️ एयरपोर्ट पर आत्मीय स्वागत

जगदलपुर मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट पर आईजी सुंदरराज पी और वरिष्ठ अधिकारी सचिन तेंदुलकर का फूलों से स्वागत करते हुए
भारत रत्न एवं पूर्व भारतीय कप्तान सचिन तेंदुलकर के बस्तर आगमन पर मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट जगदलपुर में आईजी सुंदरराज पी सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ देकर आत्मीय स्वागत किया।

इससे पूर्व जगदलपुर के मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट पर कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी सुंदरराज पी, कलेक्टर आकाश छिकारा और एसपी शलभ सिन्हा ने सचिन तेंदुलकर का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।

basant dahiya

मेरा नाम बसंत दहिया है। मैं लगभग 20 वर्षों से प्रिंट मीडिया में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा हूं। इसी बीच मैंने बस्तर जिला व राजधानी रायपुर के प्रमुख समाचार पत्रों में अपनी सेवा देकर लोकहित एवं देशहित में कार्य किया है। वर्तमान की आवश्यकता के दृष्टिगत मैंने अपना स्वयं का न्यूज पोर्टल- समग्रविश्व अप्रेल 2024 से शुरू किया है जो जनहित एवं समाज कल्याण में सक्रिय है। इसमें आप सहयोगी बनें और मेरे न्यूज पोर्टल को सपोर्ट करें। "जय हिन्द, जय भारत"

Post a Comment

Previous Post Next Post