बस्तर कमिश्नर डोमन सिंह का बकावंड में आकस्मिक निरीक्षण: स्वास्थ्य, शिक्षा और पोषण सेवाओं की समीक्षा
जगदलपुर / बस्तर। बस्तर संभाग के कमिश्नर डोमन सिंह ने शुक्रवार को जिले के बकावंड विकासखंड का सघन भ्रमण कर अधिकारियों की नींद उड़ा दी। उन्होंने एक तरफ स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर स्कूल और आंगनबाड़ी का आकस्मिक निरीक्षण कर सेवाओं की गुणवत्ता परखी, तो वहीं दूसरी ओर पोषण आहार यूनिट का जायजा लेकर बच्चों और माताओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने के सख्त निर्देश दिए।
स्वास्थ्य सुविधाओं पर सख्त निगाह
![]() |
| बस्तर कमिश्नर डोमन सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बकावंड में निरीक्षण करते हुए। |
कमिश्नर सिंह ने सबसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बकावंड का निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी, आईपीडी और पोषण पुनर्वास केंद्र का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि यहां मरीजों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पूरे विकासखंड के कुपोषित बच्चों को रोस्टर के अनुसार पोषण पुनर्वास केंद्र में उपचार सुनिश्चित किया जाए। इसके लिए स्वास्थ्य और महिला एवं बाल विकास विभाग को समन्वय के साथ काम करने को कहा गया।
इसके अलावा, कमिश्नर ने मोतियाबिंद पीड़ित मरीजों, खासकर जिनकी दोनों आंखें प्रभावित हैं, को प्राथमिकता पर महारानी अस्पताल में ऑपरेशन कराने के निर्देश दिए। दिव्यांगजनों के लिए कृत्रिम उपकरणों की उपलब्धता पर जोर देते हुए उन्होंने ग्राम पंचायत स्तर पर चिन्हांकन कर सूची तैयार करने को कहा। आयुष्मान कार्ड से वंचित लोगों को चिन्हित कर उनका पंजीकरण सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
शिक्षा और आंगनबाड़ी में गुणवत्ता पर जोर
अपने दौरे के दौरान कमिश्नर ने सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र ढोडरेपाल में बच्चों से कविताएं सुनाईं और उन्हें टॉफी देकर प्रोत्साहित किया। उन्होंने यहां गर्भवती महिलाओं और बच्चों को मिलने वाली सेवाओं की समीक्षा की। वहीं, सेजेस सरगीपाल और पीएमश्री सेजेस करपावंड में अटल टिंकरिंग लैब, स्मार्ट क्लास और विज्ञान प्रयोगशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने शिक्षकों को बच्चों के समग्र विकास पर फोकस करने की समझाइश दी और दोनों स्कूलों में स्वीकृत भवन निर्माण कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
पोषण यूनिट में गुणवत्ता और सुरक्षा पर विशेष ध्यान
![]() |
| कमिश्नर डोमन सिंह ने मंगनार स्थित रेडी टू ईट पोषण आहार उत्पादन यूनिट का औचक निरीक्षण किया। |
इससे पहले, कमिश्नर ने विकासखंड बकावंड के मंगनार स्थित रेडी टू ईट पोषण आहार उत्पादन यूनिट का भी औचक निरीक्षण किया। यह यूनिट मां दंतेश्वरी साथी महिला स्व सहायता समूह द्वारा संचालित की जा रही है। उन्होंने पोषण आहार की गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षा मापदंडों का पालन सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।
उन्होंने महिला सदस्यों को सुरक्षा के मद्देनजर समुचित पोशाक और दस्ताने पहनने, शिफ्ट में काम करने और उत्पाद भंडारण कक्ष में तिथिवार सुरक्षित भंडारण रखने की सलाह दी। साथ ही, अग्निशमन यंत्र, विद्युत सुरक्षा ऑडिट और मशीनों के रखरखाव जैसे मानकों को सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
इस दौरान एसडीएम बकावंड विपिन दुबे, सीईओ जनपद पंचायत पारेश्वर कुर्रे, जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

