सप्त सुरम ट्रस्ट के कराओके सिंगिंग कॉन्टेस्ट का भव्य समापन, राजकुमार डोंगरे बने विजेता
जगदलपुर। सप्त सुरम ट्रस्ट द्वारा आयोजित “तिनक धिन धा कराओके सिंगिंग कॉन्टेस्ट” का ग्रैंड फिनाले रविवार को जगदलपुर के श्यामा प्रसाद मुखर्जी टाउन हॉल में धूमधाम से संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में राजकुमार डोंगरे ने प्रथम पुरस्कार जीता और उन्हें 51,000 रुपये की इनामी राशि से सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता के ऑडिशन बस्तर चेंबर ऑफ कॉमर्स में आयोजित किए गए थे, जहाँ 120 प्रतिभागियों ने अपनी आवाज़ का जादू बिखेरा। इनमें से 25 शीर्ष प्रतिभागियों का चयन अंतिम चरण के लिए किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलन के साथ हुई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जगदलपुर महापौर संजय पांडे, बेवरेज कॉरपोरेशन अध्यक्ष श्रीनिवास राव मद्दी, बस्तर जिला पत्रकार संघ अध्यक्ष मनीष गुप्ता, निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
पुरस्कार विजेता:
प्रथम पुरस्कार (51,000 रुपये): राजकुमार डोंगरे
द्वितीय पुरस्कार (31,000 रुपये): शफ़ाक जाफरी
तृतीय पुरस्कार (21,000 रुपये - संयुक्त): अरशद खान एवं नाव्या रंजन
निर्णायक मंडल में डॉ. एन. डी. चक्रवर्ती, डॉ. आलोक भट्टाचार्य, दीपेंद्र हलधर एवं निशांत मिश्रा जैसे वरिष्ठ कला मर्मी शामिल थे।
महापौर ने की सराहना
महापौर संजय पांडे ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय प्रतिभाओं को एक मंच देने और उनका मनोबल बढ़ाने का सराहनीय कार्य करते हैं। उन्होंने सप्त सुरम ट्रस्ट के प्रयासों की सराहना की।
ट्रस्ट की 35वीं सफलता
सप्त सुरम ट्रस्ट की प्रतिनिधि तनुश्री सोनी ने बताया कि यह ट्रस्ट का 35वां सफल आयोजन था। इससे पहले 34 आयोजन विभिन्न शहरों में किए जा चुके हैं। उन्होंने आगामी दिनों में राजधानी रायपुर में एक और भव्य कार्यक्रम आयोजित करने की भी योजना साझा की।
कार्यक्रम का सफल आयोजन कैप्टन तरुण कुमार, तनुश्री सोनी, डॉ. आलोक भट्टाचार्य, शिव नारायण सोनी एवं मीना सोनी के नेतृत्व में ट्रस्ट की टीम तथा स्थानीय कलाकारों व सहयोगियों के समन्वय से संभव हुआ।
इस प्रतियोगिता में जयपुर, मुंबई, उत्तर प्रदेश, रायपुर, भिलाई, जबलपुर सहित देश के कई शहरों से प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिससे इसे एक अखिल भारतीय स्वरूप मिला।
कार्यक्रम का संचालन अफ़ज़ल अली व तनुश्री सोनी ने किया, जबकि संग्राम सिंह राणा ने सभी अतिथियों, प्रायोजकों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया।
