नगर निगम: टाउन हॉल का कायाकल्प और स्वच्छता अभियान में कड़ी कार्रवाई, महापौर बोले- "गुणवत्ता और समयबद्धता प्राथमिकता"
जगदलपुर। नगर निगम जगदलपुर द्वारा शहर के बुनियादी ढांचे के विकास और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर एक साथ दो अहम कार्यवाहियां सामने आई हैं। एक ओर जहां महापौर संजय पाण्डे ने ऐतिहासिक टाउन हॉल के नवीनीकरण कार्य का निरीक्षण किया, वहीं दूसरी ओर शहीद पार्क के सामने स्वच्छता नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले ठेला संचालकों पर निगम ने सख्त कार्रवाई करते हुए सात हजार रुपये का जुर्माना ठोका।ऐतिहासिक टाउन हॉल को मिलेगा नया जीवन
महापौर संजय पाण्डे ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सभागार (टाउन हॉल) में चल रहे निर्माण एवं मरम्मत कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने इस दौरान निर्माण एजेंसी और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और समय सीमा में पूरे हों। महापौर ने जोर देकर कहा, "गुणवत्ता और समयबद्धता हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।"
उन्होंने बताया कि टाउन हॉल शहर की सांस्कृतिक पहचान है और इसे आधुनिक जरूरतों के मुताबिक विकसित किया जा रहा है। इस कार्य के तहत संरचनात्मक सुधार, आंतरिक उन्नयन, विद्युत व्यवस्था और सौंदर्यीकरण शामिल है।
युवाओं के लिए बनेगी क्रिकेट बॉक्स यूनिट
महापौर ने इसके बाद नगर निगम क्षेत्र में प्रस्तावित क्रिकेट बॉक्स यूनिट के निर्माण स्थल का भी अवलोकन किया। यह परियोजना डीएमएफटी मद से लगभग 20 लाख रुपये की लागत से बनाई जा रही है। संजय पाण्डे ने कहा कि इससे स्थानीय युवा खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण सुविधा मिलेगी और शहर की खेल प्रतिभा को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा। इस मौके पर एमआईसी सदस्य निर्मल पानीग्राही, सुरेश गुप्ता, नगर निगम आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा, ईई गोपाल भारद्वाज और इंजीनियर प्रवीण पोयाम भी मौजूद रहे।
शहीद पार्क के सामने ठेला संचालकों पर जुर्माना
अलग से एक कार्रवाई में, नगर निगम की स्वच्छता टीम ने शहीद पार्क के सामने सार्वजनिक नालियों में कचरा फेंकने और आसपास का क्षेत्र गंदा करने के आरोप में तीन ठेला संचालकों पर कार्रवाई की। मोमोस सेंटर, चिकन सेंटर और एग रोल सेंटर के संचालकों पर कुल सात हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
महापौर संजय पाण्डे ने इस मामले में कहा कि शहर की स्वच्छता सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और नियम तोड़ने वालों के साथ कोई नरमी नहीं बरती जाएगी। नगर निगम आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा ने चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसे उल्लंघनों पर और भी कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम ने सभी दुकानदारों और नागरिकों से अपील की है कि वे कचरा केवल निर्धारित स्थानों पर ही डालें और शहर को साफ-सुथरा रखने में सहयोग दें।

