जगदलपुर में विकास की गति तेज: विधायक किरण देव ने किए लाखों रुपए के कार्यों का शुभारंभ, 455 छात्राओं को मिली साइकिल
![]() |
| भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने जगदलपुर में विकास कार्यों के शुभारंभ के लिए भूमिपूजन किया। उनके साथ भाजपा नेता भी मौजूद थे। |
जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए पुलिया निर्माण
विधायक किरण देव ने शहर में जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए दो महत्वपूर्ण पुलिया निर्माण कार्यों की आधारशिला रखी। पहला कार्य भंगाराम चौक के पास 18.75 लाख रुपए की लागत से और दूसरा कार्य पावर हाउस के सामने 25 लाख रुपए की लागत से किया जाएगा। ये कार्य राज्य आपदा प्रबंधन मद से किए जाएंगे।
विद्यालय में अतिरिक्त कक्ष एवं साइकिल स्टैंड का निर्माण
इसी क्रम में, जगतू माहरा शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विधायक निधि से 16.50 लाख रुपए की लागत से अतिरिक्त कक्ष एवं साइकिल स्टैंड निर्माण कार्य का भी भूमिपूजन किया गया।
'विकास कार्यों में राशि की कोई कमी नहीं' - किरण देव
इस अवसर पर देव ने कहा, "विकास कार्यों में किसी भी तरह की राशि की कमी नहीं आने दी जाएगी। सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर समय सीमा में पूरे किए जाएंगे।" उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव के नेतृत्व में जगदलपुर विधानसभा में चौमुखी विकास हो रहा है। जनता को मूलभूत सुविधाएं देना सरकार का संकल्प है।
455 छात्राओं को सरस्वती साइकिल वितरण
![]() |
| स्वामी विवेकानंद विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विधायक किरण देव एवं भाजपा नेताओं द्वारा छात्राओं को साइकिल वितरण करते हुए। |
दूसरे कार्यक्रम में, विधायक किरण देव ने स्वामी विवेकानंद उत्कृष्ट शासकीय विद्यालय में आयोजित समारोह में शहर के विभिन्न विद्यालयों की 455 छात्राओं को सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत साइकिलें प्रदान कीं।
देव ने छात्राओं से कहा, "छात्र जीवन जीवन का स्वर्णिम समय होता है। शिक्षा पर ध्यान दें और अपने लक्ष्य निर्धारित करें।" उन्होंने कहा कि बस्तर क्षेत्र में प्रतिभा की कमी नहीं है और सरकार का उद्देश्य शिक्षा के क्षेत्र में हर संभव सुविधा प्रदान करना है।
इन लोगों ने की शिरकत
भूमिपूजन कार्यक्रम में निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, जिला अध्यक्ष वेदप्रकाश पांडे, एमआईसी सदस्य निर्मल प्रसाद पानीगाही, योगेंद्र पांडे, सुरेश गुप्ता, संग्राम सिंह, संजय विश्वकर्मा, कलावती कसेर, लक्ष्मण झा, राणा धोष, त्रिवेणी रंधारी, पार्षद नरसिंह राव, आलोक अवस्थी, गौतम पानीग्राही, श्याम सुंदर, मंडल अध्यक्ष प्रकाश झा सहित कार्यपालन अभियंता गोपाल भारद्वाज, निगम अधिकारी-कर्मचारी एवं वार्डवासी उपस्थित थे।
साइकिल वितरण कार्यक्रम में संयुक्त संचालक एच.आर. सोम, डीईओ बलिराम बधेल, बीईओ राजेश गुप्ता, एसएमडीसी अध्यक्ष योगेश शुक्ला, आर्येंद्र आर्य, राजेश श्रीवास्तव सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

