भाजयुमो ने सनातन विरोध के खिलाफ भूपेश बघेल और टी.एस. सिंहदेव का पुतला दहन किया
दंतेवाड़ा। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) दंतेवाड़ा द्वारा सनातन धर्म विरोध के आरोप में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं कांग्रेस नेता टी.एस. सिंहदेव का प्रदेशभर में पुतला दहन किया गया। इस दौरान कांग्रेस पार्टी पर सनातन धर्म, भगवान श्रीराम और साधु-संतों के अपमान का आरोप लगाया गया।
🟠 राहुल योगराज टिकरिहा का बयान
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के कई नेता लगातार सनातन धर्म के विरुद्ध बयानबाजी करते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल द्वारा कथा वाचको का विरोध यह दर्शाता है कि कांग्रेस को सनातन विरोध की स्क्रिप्ट कहीं और से मिलती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा रामसेतु को काल्पनिक बताना और भगवान श्रीराम के अस्तित्व को नकारना देश की आस्था का अपमान है। राम मंदिर निर्माण के बाद आमंत्रण मिलने पर भी गांधी परिवार द्वारा दर्शन न करना उनकी मानसिकता को दर्शाता है।
🟠 विधायक चैतराम अटामी ने कहा
दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी ने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने बार-बार हमारे देवी-देवताओं और साधु-संतों का अपमान किया है। पंडित प्रदीप मिश्रा के प्रवचनों में उमड़ने वाली भीड़ और धीरेंद्र शास्त्री द्वारा सनातन चेतना जागृत करने का कार्य कांग्रेस को असहज करता है।
उन्होंने कहा कि जो लोग धर्मांतरण को संरक्षण देते हैं, उन्हें सनातन धर्म पर बोलने का कोई अधिकार नहीं है।
🟠 जिला अध्यक्ष संतोष गुप्ता ने कहा
जिला भाजपा अध्यक्ष संतोष गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए तुष्टिकरण की राजनीति की और सनातन संस्कृति को नुकसान पहुंचाया। छत्तीसगढ़ की जनता अब कांग्रेस की मानसिकता को पहचान चुकी है और भविष्य में ऐसे तत्वों को पूरी तरह नकार देगी।
🟠 कुणाल ठाकुर बोले
भाजयुमो प्रदेश महामंत्री कुणाल ठाकुर ने कहा कि सनातन विरोध के कारण कांग्रेस आज कुछ राज्यों तक सीमित रह गई है। जिस प्रकार आज पुतला दहन हुआ है, उसी प्रकार कांग्रेस के अहंकार का भी दहन होगा।
👥 कार्यक्रम में ये प्रमुख पदाधिकारी रहे उपस्थित
इस दौरान दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी, जिला भाजपा अध्यक्ष संतोष गुप्ता, भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेश महामंत्री कुणाल ठाकुर, सत्यजीत सिंह चौहान, नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता, रूपा शैलेन्द्र सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, गीदम नगर पंचायत अध्यक्ष रजनीश सुराना, कमला विनय नाग, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता भास्कर एवं शकुंतला भास्कर सहित भाजपा व भाजयुमो के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
