आस्था विद्या मंदिर जावंगा के छात्रों को पुलिस ने सिखाए यातायात नियम, साइबर अपराध और आत्मरक्षा के गुर
दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ पुलिस की जनसंपर्क एवं जागरूकता अभियान के तहत दंतेवाड़ा यातायात प्रभारी निरीक्षक प्रहलाद कुमार साहू और गीदम थाना प्रभारी विजय पटेल की संयुक्त टीम ने आस्था विद्या मंदिर, जावंगा पहुंचकर विद्यार्थियों को यातायात नियमों, साइबर सुरक्षा और महिला सुरक्षा कानूनों के प्रति जागरूक किया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में आयोजित किया गया।
एसपी के निर्देश पर चलाया जा रहा है जागरूकता अभियान
कार्यक्रम का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं और मृत्युदर में कमी लाना, नाबालिगों को वाहन चलाने से रोकना और युवाओं को साइबर अपराध, महिला उत्पीड़न के प्रति सचेत करना है। इसके लिए पुलिस टीमें जिले के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में ऐसे जागरूकता सत्र आयोजित कर रही हैं।
यातायात नियमों की जानकारी देना सबसे जरूरी: प्रहलाद साहू
यातायात प्रभारी प्रहलाद साहू ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा, "सड़क पर चलते समय यातायात नियमों का पालन न करना हमारी और हमारे परिवार की जिंदगी भर की तकलीफ का कारण बन सकता है।" उन्होंने नशे के दुष्परिणाम बताते हुए नशामुक्त जीवन जीने की सलाह दी। उन्होंने विस्तार से इन नियमों के बारे में समझाया:
वाहन चलाते समय सीट बेल्ट व हेलमेट का अनिवार्य उपयोग
बिना ड्राइविंग लाइसेंस और इंश्योरेंस के वाहन न चलाना
नाबालिगों द्वारा वाहन न चलाना और ओवरस्पीडिंग से परहेज
वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करना
वाहनों पर तेज आवाज वाली साइलेंसर और अनधिकृत LED लाइट्स न लगाना
"अनजान लिंक और अनजान लोगों से रहें सावधान": विजय पटेल
थाना प्रभारी गीदम, विजय पटेल ने साइबर सुरक्षा पर जोर देते हुए छात्रों को चेताया। उन्होंने कहा, "अनजान व्यक्तियों को कभी भी OTP या पासवर्ड न बताएं। सोशल मीडिया पर अनजान फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें और किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें। लॉटरी या कूपन के झांसे में न आएं।"
महिला सुरक्षा पर दी गई विस्तृत जानकारी
टीम ने छात्राओं को महिला उत्पीड़न के विरुद्ध कानूनों, पॉक्सो एक्ट और गुड टच-बैड टच के बारे में जागरूक किया। साथ ही, त्वरित सहायता के लिए अभिव्यक्ति ऐप डाउनलोड और उपयोग करने का तरीका बताया। छात्राओं को आत्मरक्ष के कुछ basic tips भी सिखाए गए।
कार्यक्रम के अंत में ली गई शपथ
इस जागरूकता सत्र के समापन पर स्कूल के समस्त प्राचार्य बी. के. शर्मा, शिक्षकगण और सभी छात्र-छात्राओं ने यातायात नियमों का पालन करने, अपने परिजनों को भी इनका पालन कराने की शपथ ली।
इस अवसर पर उप निरीक्षक यादव, सउनी जितेंद्र त्रिपाठी सहित यातायात दंतेवाड़ा व गीदम थाने के अन्य स्टाफ और स्कूल का पूरा स्टाफ मौजूद रहा।

👉 स्थानीय हस्तशिल्प देखें