जगदलपुर(समग्र विश्व)। सोमवार को आयोध्या में नवनिर्मित राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह विधि-विधान पूर्वक संपन्न हुआ। इस आयोजन को पूरे देश ने उत्सव के रूप में मनाया। बस्तर जिला भी इस अवसर पर राममय हो गया। सोमवार सुबह से ही शहर तो शहर दूर दराज के ग्रामीण क्षेत्रों में भी रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समरोह को लेकर उल्लास का माहौल था। अयोध्या में 500 साल के बाद रामलला विराजमान हुए हैं। इसकी खुशी मनाने सप्ताह भर पूर्व से ही शहरवासी तैयारी में जुटे थे। शहर के मंदिरों में दिनभर भजन-कीर्तन व पूजा के कार्यक्रम आयोजित कराए गए। विभिन्न स्थलों पर भंडारा आयोजित किए थे। इससे एक दिन पूर्व दलपत सागर में शहरवासी दीप प्रज्जवलित करने जुटे थे जहां शहर के हजारों लोगों ने दीप जलाए।
उत्सव का रंग दिखा आकर्षक रंगोली से
जिले की महिलाएं
व युवतियां सुबह से ही अपने अपने घरों के सामने रंगोली सजाती नजर आईं। ग्रामीण क्षेत्रों
के साथ-साथ शहर के लगभग प्रत्येक घरों में महिलाएं व युवतियां रंगोली सजाती रहीं। आकर्षक
रंगोली में राम जी को उकेरा गया था। इनमें से एक रंगोली दलपत सागर स्थित आईलैंड में
बनाई गई थी जिसमें राम-सीता व हनुमान जी को बेहद खुबसूरती से उकेरा गया था।
नवयुवकों में दिखा उत्साह
जिले के युवक-युवतियों
में इस आयोजन को लेकर उलग ही उत्साह नजर आया। अधिकांश युवक-युवतियां भगवा वस्त्र धारण
कर शहर में घूमते नजर आए। शहीद पार्क, दलपत सागर सहित सभी महत्वपूर्ण स्थल भगवामय था
जहां भीड़ जुटी थी। चौक-चौराहों को भगवा झंडे और तालपत्री लगाकर सजाया गया था।
मां दंतेश्वरी एयरपोर्ट में हुआ हवन
मां दंतेश्वरी
एयरपोर्ट जगदलपुर में स्थित एयरफोर्स कैंप में रामलला के प्राणप्रतिष्ठा पर विभिन्न
अनुष्ठान किए गए। एयरपोर्ट में स्थित चमत्कारी बाबा हनुमान मंदिर में समिति द्वारा
हवन और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। शाम को भंडारा प्रसाद वितरण किया गया। शाम को
यहां 101 जलाए गए। इस अवसर पर भारतीय वायुसेना के अफसर व कर्मचारी मौजूद थे।