ISSN: 3139-9959 (Online)
T M Bajaj Jagdalpur Pulsar Lucky Draw Offer

नारायणपुर में भाजपा की पदयात्रा: 'मोदी कहीं नहीं जाएगा' के नारों से गूंजा शहर, केदार कश्यप बोले- अबूझमाड़ का विश्वास लोकतंत्र के साथ

नारायणपुर में भाजपा की पदयात्रा: 'मोदी कहीं नहीं जाएगा' के नारों से गूंजा शहर, केदार कश्यप बोले- अबूझमाड़ का विश्वास लोकतंत्र के साथ

नारायणपुर में 'लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ' अभियान की सभा में मंच पर बैठे मंत्री केदार कश्यप और भाजपा नेता
नारायणपुर के साप्ताहिक बाजार स्थित डोम में आयोजित 'लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ' अभियान की सभा में मंच पर बैठे कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप व अन्य वरिष्ठ नेता।
नारायणपुर, छत्तीसगढ़: अबूझमाड़ और नारायणपुर की पहचान शांति, सद्भाव और आपसी विश्वास की रही है। यहां की जनता का लोकतंत्र के प्रति विश्वास अटूट है। यह बातें भारतीय जनता पार्टी के नेता और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने कहीं।

बुधवार 4 नवंबर को 'लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ' अभियान के तहत भारतीय जनता पार्टी पदयात्रा के जरिए जनता के बीच पहुंची। लोकतंत्र के प्रति जनविश्वास और संवैधानिक मूल्यों के समर्थन का संदेश लेकर यह पूरी पदयात्रा थी। पदयात्रा के दौरान डीजे की धुन पर 'मोदी कहीं नहीं जाएगा' गीत के रूप में गूंजता रहा।

डोम से जिला भाजपा कार्यालय तक निकली पदयात्रा

नारायणपुर के साप्ताहिक बाजार स्थित डोम से जिला भाजपा कार्यालय तक 'लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ' अभियान पदयात्रा का आयोजन किया गया था। इससे पूर्व साप्ताहिक बाजार डोम में सभा को संबोधित करते हुए मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति जनता के विश्वास और उसकी सक्रिय भागीदारी में निहित है।

उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद लोकतांत्रिक व्यवस्था का हिस्सा है, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का सम्मान बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी पहलों एवं विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनभागीदारी और जनता का विश्वास सर्वोपरि है। श्री कश्यप ने कांग्रेस एवं विपक्षी दलों की भूमिका और एसआईआर को लेकर उठाए जा रहे विरोध के संदर्भ में भी अपनी बात रखी।

जागरूक नागरिक ही लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत: यशवंत जैन

भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं बस्तर संभाग प्रभारी यशवंत जैन ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती जागरूक नागरिकों की भागीदारी और संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान से सुनिश्चित होती है। लोकतंत्र केवल चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नागरिकों के अधिकारों, कर्तव्यों और जनभागीदारी से संचालित होने वाली व्यवस्था है।

उन्होंने कहा कि जब समाज का प्रत्येक वर्ग लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक और जिम्मेदार बनता है, तभी लोकतांत्रिक परंपराएं मजबूत होती हैं। लोकतंत्र की रक्षा और संवैधानिक व्यवस्था के सम्मान का दायित्व केवल राजनीतिक दलों का नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का साझा दायित्व है। भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती संध्या पवार ने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों और जनहित के प्रति प्रतिबद्ध है। जिला पंचायत अध्यक्ष एवं पदयात्रा संयोजक नारायण मरकाम ने अभियान के उद्देश्य को जनजागरण और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जनभागीदारी से जोड़ा।

सड़कों पर उतरा जनसमूह

सभा के पश्चात डोम से निकली पदयात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। हाथों में झंडे और तख्तियां लिए कार्यकर्ताओं की भागीदारी के बीच पूरे मार्ग में लोकतंत्र से जुड़े संदेश और नारे सुनाई दिए। डीजे पर बजते 'मोदी कहीं नहीं जाएगा' गीत के बीच पदयात्रा जिला भाजपा कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। आयोजन के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक व्यवस्था, जनभागीदारी और संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

वरिष्ठ नेताओं की रही मौजूदगी

इस अवसर पर जिला संगठन प्रभारी श्री सुधीर पांडेय, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता शिवनारायण पांडेय, छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष इंद्रप्रसाद बघेल सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मंडल पदाधिकारी एवं मातृशक्ति सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

basant dahiya

मेरा नाम बसंत दहिया है। मैं लगभग 20 वर्षों से प्रिंट मीडिया में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा हूं। इसी बीच मैंने बस्तर जिला व राजधानी रायपुर के प्रमुख समाचार पत्रों में अपनी सेवा देकर लोकहित एवं देशहित में कार्य किया है। वर्तमान की आवश्यकता के दृष्टिगत मैंने अपना स्वयं का न्यूज पोर्टल- समग्रविश्व अप्रेल 2024 से शुरू किया है जो जनहित एवं समाज कल्याण में सक्रिय है। इसमें आप सहयोगी बनें और मेरे न्यूज पोर्टल को सपोर्ट करें। "जय हिन्द, जय भारत"

Post a Comment

Previous Post Next Post