ISSN: 3139-9959 (Online)
T M Bajaj Jagdalpur Pulsar Lucky Draw Offer

जगदलपुर में 21 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत! शोरूम की छत पर मिला शव, पुलिस को मिला सुसाइड नोट

जगदलपुर में 21 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत! शोरूम की छत पर मिला शव, पुलिस को मिला सुसाइड नोट

जगदलपुर, बस्तर: शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित बाफना लाइफस्टाइल कपड़ा दुकान में कार्यरत 21 वर्षीय युवती दीपा सागर का शव दुकान की छत पर मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने इस मामले में मर्ग क्रमांक 70/26, धारा 194 बीएनएसएस के तहत मर्ग कायम कर विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

दुकान की छत पर मिला शव

पुलिस के अनुसार, मृतिका दीपा सागर पिता राजू सागर (उम्र 21 वर्ष, निवासी बैलाबाजार, जगदलपुर) सोमवार को प्रतिदिन की भांति दुकान में कार्य करने आई थी। शाम करीब 6 से 6:30 बजे वह अचानक दुकान से कहीं चली गई।

मंगलवार को दुकान में साफ-सफाई का कार्य करने वाली महिला कर्मचारी पोछा एवं झाड़ू लेने दुकान की छत पर पहुंची, जहां युवती का शव मृत अवस्था में पड़ा मिला।

FSL टीम ने किया सूक्ष्म निरीक्षण

सूचना प्राप्त होते ही थाना कोतवाली पुलिस और FSL टीम द्वारा परिजनों की उपस्थिति में घटनास्थल एवं शव का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया। तत्पश्चात शव का पोस्टमार्टम डिमरापाल में कराया गया।

सुसाइड नोट बना महत्वपूर्ण साक्ष्य

पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसे महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में संज्ञान में लेते हुए उसकी लिखावट, विषयवस्तु एवं अन्य संबंधित तथ्यों का परीक्षण एवं सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस द्वारा सभी पहलुओं पर गंभीरतापूर्वक जांच की जा रही है तथा प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

इस बीच, मामले ने तूल पकड़ लिया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और परिजनों के बयानों के अनुसार, मृतका के शरीर पर चोट और नाखून के निशान होने की बात कही जा रही है। परिजनों ने दुकान के बाहर एकत्र होकर इंसाफ की मांग की है और मामले की निष्पक्ष जांच की गुहार लगाई है।

हालांकि, पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सुसाइड नोट की जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी।

basant dahiya

मेरा नाम बसंत दहिया है। मैं लगभग 20 वर्षों से प्रिंट मीडिया में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा हूं। इसी बीच मैंने बस्तर जिला व राजधानी रायपुर के प्रमुख समाचार पत्रों में अपनी सेवा देकर लोकहित एवं देशहित में कार्य किया है। वर्तमान की आवश्यकता के दृष्टिगत मैंने अपना स्वयं का न्यूज पोर्टल- समग्रविश्व अप्रेल 2024 से शुरू किया है जो जनहित एवं समाज कल्याण में सक्रिय है। इसमें आप सहयोगी बनें और मेरे न्यूज पोर्टल को सपोर्ट करें। "जय हिन्द, जय भारत"

Post a Comment

Previous Post Next Post