जगदलपुर में जनजातीय गौरव दिवस: आदिवासी नायकों के जीवन-संघर्ष पर पोस्टर प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन
कार्यक्रम में 'जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, सांस्कृतिक विरासत एवं उपलब्धि' विषयक वैचारिक उद्बोधन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं अतीत के आदिवासी नायकों के जीवन-संघर्ष को लेकर पोस्टर प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
"नायकों के सम्मान का दिवस है"
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कुलपति प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि यह जनजातीय समाज के नायकों के सम्मान का दिवस है। भगवान बिरसा मुंडा, वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर जैसे जननायकों ने न केवल जनजातीय संस्कृति और स्वाभिमान के लिए संघर्ष किया, बल्कि राष्ट्र की अवधारणा के लिए सर्वस्व न्योछावर कर देश को आत्मबल दिया।
उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों का यह दायित्व है कि वे नई पीढ़ी को हमारे महान जनजातीय नायकों के संघर्ष और उनके गौरवशाली इतिहास से परिचित कराएं।
"जनजातीय समाज देश के विकास की ताकत"
इस अवसर पर वनवासी कल्याण आश्रम के अखिल भारतीय युवा आयाम के प्रमुख वैभव सुरंगे मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज देश के विकास की ताकत है और जनजातीय समाज के इतिहास एवं संस्कृति को पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाया जाना चाहिए।
सुरंगे ने कहा कि "हमें गुलामी मंजूर नहीं" की आवाज पहली बार जंगलों से ही जनजातीय समाज के वीर नायकों ने दी। तिलका मांझी, बुधु भगत, वीर नारायण सिंह, सिद्धो-कान्हों जैसे नायकों के संघर्ष में पूरे परिवार और समाज ने साथ रहकर अपना सर्वस्व न्यौछावर किया। उन्होंने बताया कि आजादी के समय 534 रियासतों में 150 रियासतें आदिवासियों के पास थीं।
पोस्टर प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रम
विशिष्ट अतिथि पूर्व विधायक सुभाउ कश्यप ने कहा कि हमें आदिवासी समाज के नायकों से प्रेरणा लेकर समाज को उन्नत बनाना है। अतीत के नायकों के गौरवगान से नई पीढ़ी के युवाओं का स्वाभिमान जागृत होगा।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिला महामंत्री पी.आर. बेश्रा, वनवासी कल्याण आश्रम जगदलपुर के अध्यक्ष रामनाथ कश्यप और राजीव शर्मा ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवकों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम का संचालन डॉ. कुश नायक द्वारा किया गया।
