भगवान बिरसा मुंडा को किया याद: तोकापाल के छापर भानपुरी में जनजातीय गौरव दिवस और कृषि प्रक्षेत्र दिवस संपन्न
![]() |
| भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर तोकापाल के ग्राम छापर भानपुरी में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस और तिलहन फसल प्रक्षेत्र दिवस कार्यक्रम। |
इसी अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र, बस्तर द्वारा तिलहन फसल अंतर्गत प्रक्षेत्र दिवस का भी आयोजन किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, कृषि वैज्ञानिकों, कृषि विभाग के अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में कृषकों ने सहभागिता की।कार्यक्रम कृषि विज्ञान केंद्र, बस्तर के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. संतोष नाग के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
बिरसा मुंडा के योगदान को किया याद
कार्यक्रम की शुरुआत में कृषि विज्ञान केंद्र, बस्तर के वैज्ञानिक धर्मपाल केरकेट्टा ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जीवनी और समाज के लिए उनके अमूल्य योगदान पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला।
उन्होंने बताया कि भगवान बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज में सामाजिक जागरूकता, एकता, स्वाभिमान एवं अधिकारों के प्रति चेतना का संचार किया। उनका जीवन आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। साथ ही उन्होंने किसानों को तिल की उन्नत किस्म GT-07 की विशेषताओं और वैज्ञानिक पद्धति से खेती अपनाने की सलाह दी।
जनजातीय गौरव दिवस का संदेश
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सुश्री पदमनी कश्यप, सदस्य जिला पंचायत बस्तर ने अपने उद्बोधन में भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, त्याग एवं बलिदान को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस हमें अपनी संस्कृति, परंपराओं, जल-जंगल-जमीन एवं सामाजिक अस्मिता के संरक्षण का संदेश देता है। उन्होंने जनजातीय समाज को शिक्षा, कृषि एवं सामाजिक विकास के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि श्रीमती रामवती भंडारी, अध्यक्ष जनपद पंचायत तोकापाल ने जनजातीय समाज की परंपराओं एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए नई पीढ़ी को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने पर बल दिया।
इसी तरह गंगा राम बघेल, डिकेश कुमार नाग (सदस्य जनपद पंचायत तोकापाल) और श्रीमती दसमी कश्यप (सरपंच ग्राम पंचायत डेंग छापरभानपुरी) ने भी अपने विचार रखे और बिरसा मुंडा के आदर्शों को अपनाने पर जोर दिया।
किसानों को मिली नैनो यूरिया की जानकारी
कार्यक्रम में इफको के प्रतिनिधि वैभव पाण्डेय ने कृषकों को नैनो यूरिया एवं नैनो डीएपी के महत्व, उपयोग की विधि एवं सावधानियों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने उर्वरकों के संतुलित उपयोग से मृदा स्वास्थ्य सुधार के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए कृषकों को वैज्ञानिक तरीके से पोषक तत्व प्रबंधन अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधिगण गोवर्धन सेठिया, चंद्रकांत भंडारी, श्रीमती धनई मौर्य, बदरू बघेल, अनंत राम कश्यप, श्रीमती पूर्णि कश्यप, शुभाष कश्यप, शिव सूर्यवंशी, समलु कश्यप, मैतर कश्यप, श्रीमती सोनमती राणा, बोदा राम कश्यप, गुलाब सिंह ठाकुर, जीवनाथ मौर्य, मुन्ना कश्यप, कृषि विज्ञान केंद्र से डॉ. सुन्ना दीप्ति एवं श्रीमती श्वेता मंडल, कृषि विभाग से वरिष्ठ कृषि विस्तार अधिकारी श्रीमती रुकमणी कट्टम सहित कुल 155 प्रतिभागियों की उपस्थिति रही।
- बाल दिवस पर बस्तर के अंदरूनी गांवों में मुस्कान! कन्या छात्रावास की बच्चियों को पेन-कॉपी देकर किया गया सम्मान
- जनजातीय गौरव दिवस पर शमक विवि में भव्य कार्यक्रम! बिरसा मुंडा समेत आदिवासी नायकों के संघर्ष को किया याद
- जगदलपुर में जलाराम बापा जयंती पर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर! 150 लोगों ने कराई जांच, 6 डॉक्टर सम्मानित
