नारायणपुर पुलिस की जुआ के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई: जंगल के पीछे खुले मैदान से 07 जुआरी पकड़े गए, ₹28,000 नगद सहित 08 मोबाइल जब्त
![]() |
| नारायणपुर: जुआ खेलते पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से जब्त सामग्री। — फोटो: नारायणपुर पुलिस |
नारायणपुर, बस्तर | 13 अक्टूबर 2026: पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल के निर्देशन में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई जारी रखते हुए थाना नारायणपुर पुलिस ने जुआ खेलने वालों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने जंगल के पीछे स्थित खुले मैदान में ताश के पत्तों से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे 07 आरोपियों को पकड़ा तथा उनके कब्जे से ₹28,000 नगद, 08 मोबाइल फोन सहित अन्य सामग्री जब्त की है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्यचंद्राकर एवं एसडीओपी नारायणपुर अजय सिंह के मार्गदर्शन में जिले में जुआ, सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने हेतु यह कार्रवाई की गई। 12 अक्टूबर को थाना नारायणपुर पुलिस को पातुरबेड़ा के जंगल के पीछे स्थित खुले मैदान में कुछ व्यक्तियों द्वारा ताश के पत्तों के माध्यम से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेलने की सूचना प्राप्त हुई।
सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी, 07 जुआरी पकड़े गए
सूचना पर थाना नारायणपुर पुलिस टीम द्वारा मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की गई। पुलिस टीम को देखकर वहां मौजूद व्यक्तियों में हलचल मच गई, जिसके बाद पुलिस द्वारा घेराबंदी कर मौके से 07 व्यक्तियों को पकड़ा गया। मौके पर ताश के पत्तों के माध्यम से हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेलना पाया गया। पुलिस द्वारा नियमानुसार कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे एवं मौके से जुआ खेलने में प्रयुक्त सामग्री तथा नगद राशि जब्त की गई।
जब्त सामग्री का विवरण
कार्रवाई के दौरान पुलिस द्वारा जब्त की गई सामग्री में ₹28,000 नगद राशि, 08 नग मोबाइल फोन, 03 नग प्लास्टिक चटाई तथा 04 नग ताश की गड्डियां (52 पत्तों वाली) शामिल हैं।
जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध
उक्त मामले में थाना नारायणपुर में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है तथा प्रकरण में नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। उक्त कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल का निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऐश्वर्यचंद्राकर एवं एसडीओपी नारायणपुर अजय सिंह का मार्गदर्शन तथा थाना नारायणपुर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
नारायणपुर पुलिस की नागरिकों से अपील
नारायणपुर पुलिस द्वारा जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए निरंतर कार्रवाई की जा रही है। नारायणपुर पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि जुआ, सट्टा एवं अन्य अवैध गतिविधियों से दूर रहें तथा ऐसी गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें, जिससे समय पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा सके।
