एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय करपावंड में हिंदी पखवाड़ा उद्घाटित, मां सरस्वती और मुंशी प्रेमचंद के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित
जगदलपुर, 15 सितंबर 2026 — एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, करपावंड, जिला बस्तर (छ.ग.) में राजभाषा विभाग एवं साहित्य विभाग के बैनर तले हिंदी पखवाड़ा का भव्य उद्घाटन किया गया।दीप प्रज्वलित कर हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक शाखा बकावंड के शाखा प्रबंधक उपेंद्र कुमार साहू, कोलावल हायर सेकेंडरी स्कूल के व्याख्याता हिंदी पदम देवांगन, संस्था के प्राचार्य अमित कुमार पांडेय, मेस प्रभारी कमलेश कुमार डेंजारे एवं अकादमिक प्रभारी डॉ. प्रमोद कुमार शुक्ल के आतिथ्य में वीणा वादिनी मां सरस्वती के छाया के समक्ष तथा हिंदी साहित्य के युग दृष्टा, शिखर पुरुष मुंशी प्रेमचंद जी एवं करुणा और वेदना की अमर गायिका महादेवी वर्मा के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर हिंदी पखवाड़ा का शुभारंभ किया गया।
साहित्यिक गतिविधियों की दी गई जानकारी
शुभारंभ के पश्चात् हिंदी पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित किए जाने वाले साहित्यिक गतिविधियों के संबंध में राजभाषा विभाग एवं साहित्य विभाग के संयोजक तथा कार्यक्रम के संचालक पी. जी. टी. हिंदी ओमप्रकाश चंद्रवंशी ने विस्तारपूर्वक जानकारी साझा की।
कार्यक्रम में छात्रों ने अतिथियों का स्वागत गीत, गुलदस्ता भेंट एवं बैज लगाकर स्वागत किया।
प्राचार्य ने बताई राजभाषा की महत्ता
संस्था के प्राचार्य अमित कुमार पांडेय ने राजभाषा की महत्ता और भारतीय संविधान में राजभाषा के लिए निहित किए गए प्रावधानों पर विस्तारपूर्वक जानकारी छोटे-छोटे उदाहरणों के माध्यम से प्रेषित की।
अकादमिक प्रभारी ने की तुलनात्मक अध्ययन की बात
अकादमिक प्रभारी डॉ. प्रमोद कुमार शुक्ल ने हिंदी भाषा की महत्ता को अन्य भाषाओं से तुलनात्मक अध्ययन कर विशिष्टता प्रदान की।
विशिष्ट अतिथि ने चुटकुला, गीत व कविता से बांधा समां
विशिष्ट अतिथि की आसंदी पर विराजमान पदम देवांगन ने चुटकुला, गीत एवं कविता के माध्यम से हिंदी भाषा की महत्ता एवं सार्थकता को सिद्ध किया।
मुख्य अतिथि ने कहा — हिंदी को व्यवहार में लाएं
मुख्य अतिथि उपेंद्र कुमार साहू ने अपने स्कूली दिनों में हिंदी भाषा के कविता, कहानी एवं गीत लेखन को याद करते हुए हिंदी भाषा के प्रति अपने कर्तव्यों से ध्यान आकृष्ट किए। उन्होंने निरंतर अपने जीवन में प्रत्येक क्षण हिंदी को व्यवहार में लाने तथा प्रचार-प्रसार में अपना योगदान सुनिश्चित करने हेतु आग्रह किया।
स्मृति चिन्ह भेंट कर हुआ समापन
अंत में उपस्थित अतिथियों को विद्यालय की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। कार्यक्रम का आभार उद्बोधन मेस प्रभारी कमलेश कुमार डेंजारे ने किया।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर भाषा विभाग के सह-संयोजक मनीषा राजपूत, अरिहंत दीक्षित सहित शिक्षक कर्मचारियों में प्यारेलाल लहरें, मोरध्वज साहू, पिनाक चौहान, गुलेश्वर साहू, सुभाषचंद्र साहू, कृष्णा डडसेना, शुभम् सिंह दहिया, कृतिका मंडल, श्रुति खान, तुषार विमल भोई, जितेंद्र सिंह, सुधीर शास्त्री, नंदकुमार शर्मा, अमित कुमार ठाकुर, काजल कुंजन, उर्वशी भीमटे, काजल गुंजन, बिहारी लाल सेन, उमेश कुमार साहू, वंदना यादव, रीमाकांत, गजेन्द्र यादव, हरीश बलिहार, यादराम मांडलेकर एवं अन्य सभी शिक्षक कर्मचारी उपस्थित रहे।
