'साइबर जागृति अभियान': परपा पुलिस ने स्कूल-कॉलेजों में छात्रों को साइबर ठगी से बचने के दिए टिप्स, 1930 हेल्पलाइन की दी जानकारी
जगदलपुर। 'साइबर जागृति अभियान' के तहत थाना परपा पुलिस ने जगदलपुर के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के मार्गदर्शन में चल रहे इस अभियान का उद्देश्य आमजन को साइबर सुरक्षा एवं साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करना है।तीन शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित हुए कार्यक्रम
इसी क्रम में 18 अगस्त को विद्या ज्योति स्कूल, जगदलपुर एवं क्राइस्ट कॉलेज, जगदलपुर तथा 19 अगस्त को नवीन महाविद्यालय, तोकापाल में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
डीएसपी चंद्रहास सिन्हा व निरीक्षक राजपूत ने दी जानकारी
कार्यक्रम में डीएसपी चंद्रहास सिन्हा एवं थाना प्रभारी थाना परपा निरीक्षक भोला सिंह राजपूत की उपस्थिति में विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों के संबंध में जानकारी दी गई तथा साइबर ठगी से बचाव के महत्वपूर्ण उपाय बताए गए।
साइबर अपराधियों के तरीकों से कराया अवगत
कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जाने वाले विभिन्न तरीकों – जैसे फर्जी कॉल, ऑनलाइन ठगी, फर्जी प्रोफाइल, सोशल मीडिया फ्रॉड, डिजिटल अरेस्ट एवं फर्जी लिंक – के संबंध में जानकारी देते हुए लोगों से सतर्क एवं जागरूक रहने की अपील की गई।
OTP, UPI PIN व पासवर्ड न साझा करने की सलाह
विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को OTP, UPI PIN, ATM PIN, पासवर्ड एवं बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा न करने, अनजान लिंक पर क्लिक न करने तथा सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करते समय विशेष सावधानी बरतने की समझाइश दी गई।
1930 हेल्पलाइन की दी गई जानकारी
साइबर अपराध अथवा ऑनलाइन वित्तीय ठगी की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने तथा cybercrime.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।
